Bokaro: बोकारो के कैंप-2 स्थित एसपी कार्यालय सभागार में सोमवार को एसपी नाथू सिंह मीणा की अध्यक्षता में पुलिस पदाधिकारियों को ई-सम्मन ऐप के उपयोग को लेकर एक दिवसीय प्रशिक्षण दिया गया। प्रशिक्षण का उद्देश्य न्यायालय से जारी समन और कानूनी नोटिसों की त्वरित, पारदर्शी और प्रभावी तामिला सुनिश्चित करना था।
मोबाइल से होगी समन की इलेक्ट्रॉनिक तामिला
एसपी नाथू सिंह मीणा ने बताया कि ई-सम्मन ऐप के माध्यम से मोबाइल पर समन की इलेक्ट्रॉनिक तामिला की सुविधा उपलब्ध होगी। समन की तामिला अनुसंधानकर्ता द्वारा ही की जाएगी। ऐप के जरिए समन और कानूनी नोटिस भेजने, उन्हें ट्रैक करने तथा तामिला की प्रक्रिया को डिजिटल रूप से दर्ज करने में मदद मिलेगी।

कानूनी प्रक्रिया में आएगी पारदर्शिता
एसपी ने कहा कि अंतरसंचालनीय आपराधिक न्याय प्रणाली (ICJS) के तहत ई-सम्मन ऐप के उपयोग से पुलिस एवं न्यायिक प्रक्रिया में पारदर्शिता बढ़ेगी। साथ ही समन की तामिला में लगने वाले समय को कम करने और कानूनी कार्रवाई को अधिक प्रभावी बनाने में सहायता मिलेगी।

समय पर तामिला सुनिश्चित करने का निर्देश
प्रशिक्षण के बाद एसपी ने सभी पुलिस पदाधिकारियों को ई-सम्मन ऐप डाउनलोड कर रजिस्ट्रेशन की प्रक्रिया पूरी करने तथा न्यायालय से प्राप्त समन की समय पर तामिला सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उन्होंने डिजिटल माध्यम से तामिला की प्रक्रिया को प्रभावी ढंग से लागू करने पर जोर दिया।
पुलिस पदाधिकारी रहे मौजूद
प्रशिक्षण के दौरान मृत्युंजय कुमार ने ऐप के संचालन और उपयोग की जानकारी दी। मौके पर मुख्यालय डीएसपी पवन कुमार सहित विभिन्न थानों के थाना प्रभारी, पुलिस अवर निरीक्षक और सहायक अवर निरीक्षक मौजूद रहे।
