Bokaro: श्री अय्यप्पा पब्लिक स्कूल, बोकारो में स्वच्छ भारत पहल के तहत ओएनजीसी द्वारा ‘बेस्ट आउट ऑफ वेस्ट’ कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने बेकार समझी जाने वाली वस्तुओं को आकर्षक और उपयोगी रचनाओं में बदलकर रचनात्मकता के साथ पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।

पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता पर जोर
कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों के स्वागत, रिबन कटिंग और पुष्पगुच्छ भेंट के साथ हुआ। प्रधानाचार्या श्रीमती पी. शैलजा जयकुमार ने रचनात्मकता के साथ पर्यावरणीय जिम्मेदारी विकसित करने की आवश्यकता पर जोर दिया। ओएनजीसी के एचआर श्री अमरजीत कुमार ने टिकाऊ जीवनशैली और स्वच्छ पर्यावरण के लिए सामूहिक जिम्मेदारी की बात कही।
ई-वेस्ट कॉर्नर बना आकर्षण का केंद्र
प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने अपशिष्ट सामग्रियों के रचनात्मक पुनः उपयोग से विभिन्न मॉडल और कलाकृतियां तैयार कीं। स्कूल के आईटी विभाग ने ई-वेस्ट कॉर्नर भी बनाया। प्रदर्शनों का मूल्यांकन कला विभाग की टीम ने किया।

वंशिका श्रिया ने हासिल किया पहला स्थान
कक्षा 3/ई की वंशिका श्रिया ने प्रथम स्थान हासिल किया। कक्षा 4/आई की आराध्या दूसरे स्थान पर रहीं। वहीं कक्षा 5/एफ की आध्या मैती, 5/सी की उद्विता और 5/ई की लक्षिता वर्मा ने संयुक्त रूप से तीसरा स्थान प्राप्त किया।
‘कबाड़ से जुगाड़’ से बच्चों को मिला नया मंच
स्कूल के निदेशक डॉ. एस. एस. महापात्रा ने ओएनजीसी और विद्यालय के संयुक्त प्रयास की सराहना की। उन्होंने कहा कि ऐसे कार्यक्रम बच्चों में कल्पनाशीलता, समस्या-समाधान क्षमता और पर्यावरण के प्रति जिम्मेदारी विकसित करते हैं। विद्यालय प्रबंधन ने सभी प्रतिभागियों और शिक्षकों को बधाई दी।
