Bokaro: वायु सेना दिवस के अवसर पर एक्स सर्विसमेन एसोसिएशन बोकारो की ओर से शुक्रवार को सेक्टर-4 स्थित बुद्धविहार में कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान पूर्व सैनिकों ने देश की रक्षा में अपने प्राणों की आहुति देने वाले वीर जवानों को श्रद्धांजलि अर्पित की और उनके सर्वोच्च बलिदान को याद किया।

राष्ट्रसेवा और कर्तव्यनिष्ठा का दिया संदेश
एसोसिएशन के अध्यक्ष तरुण कुमार ने कहा कि देश की सुरक्षा और सम्मान बनाए रखने में सशस्त्र बलों का योगदान अतुलनीय है। राष्ट्र की रक्षा में शहीद होने वाले वीर जवानों का बलिदान हमेशा याद रखा जाएगा। उन्होंने सदस्यों से राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखते हुए अपने कर्तव्यों का निष्ठापूर्वक निर्वहन करने का आह्वान किया।
सेना से सेवानिवृत्ति के बाद भी राष्ट्र के प्रति जिम्मेदारी
कार्यक्रम में पूर्व सैनिकों ने देश के प्रति समर्पण, अनुशासन और सेवा भावना को बनाए रखने का संकल्प दोहराया। तरुण कुमार ने कहा कि सेना में सेवा देने के बाद भी पूर्व सैनिकों का दायित्व समाप्त नहीं होता। समाज और राष्ट्र के प्रति उनकी जिम्मेदारियां आगे भी बनी रहती हैं।

एसोसिएशन के कई सदस्य रहे उपस्थित
कार्यक्रम में एन. उपाध्याय, विजय कुमार, सुनील कुमार, निवारण मंडल, पंकज कुमार, राजीव रंजन, नितेश कुमार, अमिन्दर कुमार, सुजीत झा, पद्मनाभ, एसके सिंह, एके सिंह, अजीत, अरुण, संतोष, दिनेश, निरंजन, संजय, मुकेश, अवधेश, शशि मिश्रा और वीरेन्द्र कुमार समेत एसोसिएशन के कई सदस्य मौजूद थे।
