Bokaro: एसआईआर-2026 के तहत दस्तावेज सत्यापन, सुनवाई और लंबित मामलों के निष्पादन में तेजी लाने के लिए जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-उपायुक्त अजय नाथ झा ने शुक्रवार को संबंधित पदाधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। बैठक में 10 अक्टूबर को आयोजित होने वाले मेगा कैंप की तैयारियों की समीक्षा करते हुए आवश्यक निर्देश दिए गए।

सुबह 11 से शाम 4 बजे तक लगेंगे मेगा कैंप
उपायुक्त ने निर्देश दिया कि जिले के सभी मतदान केंद्रों पर सुबह 11 बजे से शाम 4 बजे तक मेगा कैंप आयोजित किए जाएंगे। इस दौरान बूथ लेवल ऑफिसर (BLO) की उपस्थिति अनिवार्य होगी। मतदाताओं से आवश्यक प्रपत्र प्राप्त करने, दस्तावेज संबंधी समस्याओं के समाधान और लंबित मामलों में सहायता देने पर विशेष जोर रहेगा। कैंप के बाद प्राप्त प्रपत्रों का डिजिटाइजेशन किया जाएगा।
शताब्दी मजूमदार को मिली अभियान की जिम्मेदारी
मेगा कैंप के प्रभावी संचालन और निगरानी के लिए उप विकास आयुक्त शताब्दी मजूमदार को अभियान का वरीय पदाधिकारी बनाया गया है। बीएलओ को सहयोग देने के लिए जेएसएलपीएस की दीदियां भी सक्रिय रहेंगी।

अनुपस्थित कर्मियों पर होगी कार्रवाई
मेगा कैंप में सर्वाधिक प्रपत्र संग्रह करने वाले बीएलओ को सम्मानित किया जाएगा। वहीं, ड्यूटी से अनुपस्थित बीएलओ और प्रतिनियुक्त कर्मियों का एक दिन का वेतन एवं मानदेय स्थगित रहेगा। बोकारो स्टील सिटी और चास शहरी क्षेत्र में उपस्थिति की जांच के लिए धावा दल गठित किया गया है।
12 से 16 अक्टूबर तक विशेष शिविर
उपायुक्त ने ईआरओ और एईआरओ को उन गांवों, टोलों एवं बसावटों की सूची तत्काल उपलब्ध कराने का निर्देश दिया, जहां 12 से 16 अक्टूबर तक विशेष शिविर लगाने की जरूरत है। उन्होंने कहा कि पात्र मतदाताओं को परेशानी न हो और कोई भी पात्र मतदाता छूटने न पाए।
