Bokaro: स्टील अथॉरिटी ऑफ इंडिया लिमिटेड (SAIL) ने अपने प्लांटों और इकाइयों में विजिलेंस विभाग की जरूरतों को पूरा करने के लिए केंद्रीय स्तर पर अधिकारियों का पैनल तैयार करने का फैसला किया है। इसके लिए कंपनी ने E-3 से E-8 ग्रेड तक के इच्छुक और पात्र अधिकारियों से ऑनलाइन आवेदन आमंत्रित किए हैं। चयनित अधिकारियों को जरूरत के अनुसार SAIL के विभिन्न प्लांटों और इकाइयों के विजिलेंस विभाग में प्रतिनियुक्ति दी जा सकेगी।

तीन साल तक वैध रहेगा पैनल
SAIL के 8 अक्टूबर को जारी आंतरिक सर्कुलर के अनुसार, विजिलेंस में तैनाती टेन्योर के आधार पर होगी। सामान्य तौर पर इसकी अवधि तीन वर्ष होगी। हालांकि, आवश्यकता के अनुसार प्रबंधन द्वारा इस अवधि को बढ़ाया या घटाया जा सकता है। तैयार किया जाने वाला पैनल भी अधिकतम तीन वर्ष तक वैध रहेगा।
E-3 से E-7 अधिकारियों के लिए तीन साल की सेवा जरूरी
पैनल में शामिल होने के लिए अधिकारियों की न्यूनतम शेष सेवा अवधि भी निर्धारित की गई है। E-3 से E-7 ग्रेड के अधिकारियों के लिए 1 नवंबर 2026 को कम से कम तीन वर्ष की सेवा शेष होनी चाहिए। वहीं E-8 ग्रेड के अधिकारियों के लिए न्यूनतम दो वर्ष की सेवा शेष होना अनिवार्य है।

स्क्रीनिंग के बाद होगा इंटरव्यू
आवेदनों की प्रारंभिक स्क्रीनिंग और शॉर्टलिस्टिंग के बाद पात्र उम्मीदवारों को इंटरव्यू के लिए बुलाया जाएगा। इंटरव्यू में चयनित अधिकारियों का पैनल तैयार किया जाएगा। विजिलेंस विभाग में रिक्तियों या कार्यात्मक जरूरत के अनुसार इसी पैनल से अधिकारियों की तैनाती की जाएगी।
22 अक्टूबर तक ऑनलाइन आवेदन
इच्छुक अधिकारी अपने EPMS क्रेडेंशियल के माध्यम से SAIL के निर्धारित ऑनलाइन पोर्टल पर आवेदन कर सकते हैं। आवेदन जमा करने की अंतिम तिथि 22 अक्टूबर 2026 निर्धारित की गई है। अंतिम तिथि के बाद किसी भी माध्यम से आवेदन स्वीकार नहीं किया जाएगा। कंपनी ने अधिकारियों को अंतिम समय में तकनीकी परेशानी से बचने के लिए समय रहते आवेदन करने की सलाह दी है।
पैनल में नाम आने से तैनाती का अधिकार नहीं
SAIL ने स्पष्ट किया है कि पैनल में शामिल होना विजिलेंस विभाग में तैनाती की गारंटी या अधिकार नहीं होगा। वास्तविक तैनाती रिक्तियों, प्रशासनिक जरूरत और सक्षम प्राधिकारी की मंजूरी के आधार पर की जाएगी।
हालांकि, पैनल में चयनित अधिकारियों के लिए एक महत्वपूर्ण शर्त भी रखी गई है। पैनल की वैधता अवधि के दौरान विजिलेंस में तैनाती का अवसर मिलने पर वे अपनी सहमति वापस नहीं ले सकेंगे।
सभी प्लांटों में सर्कुलर भेजा गया
SAIL ने अपने सभी प्लांटों और इकाइयों के HR प्रमुखों को इस आवश्यकता का व्यापक प्रचार करने का निर्देश दिया है, ताकि निर्धारित पात्रता पूरी करने वाले अधिकारी आवेदन कर सकें। सर्कुलर सक्षम प्राधिकारी की मंजूरी के बाद जारी किया गया है।
SAIL के कॉरपोरेट ऑफिस, नई दिल्ली से जारी इस सर्कुलर पर AGM (HR) जतिन भाटिया के हस्ताक्षर हैं।
