Bokaro: बोकारो के उपायुक्त अजय नाथ झा ने शुक्रवार को चास प्रखंड-सह-अंचल कार्यालय में पदाधिकारियों एवं कर्मियों के साथ संवाद कर आमजनों की समस्याओं के प्रति संवेदनशील रहने और सरकारी कार्यों में पारदर्शिता बरतने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि सरकारी कार्यालयों में आने वाले प्रत्येक व्यक्ति के साथ सम्मानजनक और शालीन व्यवहार किया जाना चाहिए।

आमजनों से मिलने के लिए समय निर्धारित करें
उपायुक्त ने निर्देश दिया कि आम नागरिकों से मिलने और उनकी समस्याएं सुनने के लिए समय निर्धारित किया जाए। शेष समय में कार्यालय संबंधी कार्यों का निष्पादन तत्परता और जवाबदेही के साथ सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि किसी भी व्यक्ति को अपने काम के लिए अनावश्यक रूप से परेशान नहीं होना पड़े।
शिकायतों के समाधान में बरतें गंभीरता
उपायुक्त ने कहा कि लोग अपनी समस्याओं के समाधान की उम्मीद लेकर सरकारी कार्यालय पहुंचते हैं। ऐसे में उनकी शिकायतों को केवल औपचारिकता के रूप में नहीं लिया जाना चाहिए। संबंधित पदाधिकारी और कर्मी शिकायतों को गंभीरता से समझें, नियमानुसार कार्रवाई करें और आवेदकों को उचित जानकारी दें।

पारदर्शी कार्यशैली से मजबूत होगा भरोसा
उन्होंने सरकारी सेवाओं में कर्तव्यनिष्ठा, संवेदनशीलता और पारदर्शिता को महत्वपूर्ण बताते हुए अनावश्यक विलंब से बचने तथा बेहतर संवाद बनाए रखने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि प्रशासन की कार्यशैली ऐसी होनी चाहिए, जिससे नागरिकों को सहजता से सरकारी सेवाओं का लाभ मिले और प्रशासन के प्रति उनका विश्वास मजबूत हो।
वरीय अधिकारी रहे उपस्थित
मौके पर उप विकास आयुक्त शताब्दी मजूमदार, प्रशिक्षु आईएएस अरविंद राधाकृष्णन, प्रखंड विकास पदाधिकारी डॉ. प्रदीप कुमार, अंचल अधिकारी राम सेवा राम सहित अन्य पदाधिकारी एवं कर्मी उपस्थित थे।
