Bokaro: आम नागरिकों की समस्याओं के त्वरित समाधान की दिशा में बोकारो जिला प्रशासन की पहल ‘हम आपको सुनते हैं’ लोक संवाद प्रभावी साबित हो रही है। शुक्रवार को आयोजित लोक संवाद में चास निवासी दुलाल हलदार ने उपायुक्त अजय नाथ झा के समक्ष जमीन की ऑनलाइन लगान रसीद नहीं कटने की शिकायत रखी।

लंबे समय से अंचल कार्यालय के लगा रहे थे चक्कर
दुलाल हलदार ने बताया कि जमीन की लगान रसीद निर्गत कराने के लिए वह लंबे समय से परेशान थे। इस संबंध में कई बार अंचल कार्यालय का चक्कर लगाने के साथ आवेदन भी दिया था, लेकिन उनकी समस्या का समाधान नहीं हो पा रहा था।
डीसी के निर्देश पर दो घंटे में हुआ समाधान
लोक संवाद में शिकायत सामने आने के बाद उपायुक्त अजय नाथ झा ने मामले पर तत्काल संज्ञान लिया। उनके निर्देश पर संबंधित अधिकारियों ने त्वरित कार्रवाई करते हुए महज दो घंटे के भीतर जमीन की ऑनलाइन लगान रसीद काट दी। इससे लंबे समय से परेशान आवेदक को राहत मिली।

आम लोगों की समस्याओं का समयबद्ध निष्पादन प्राथमिकता
जिला प्रशासन का उद्देश्य आम नागरिकों को सरकारी सेवाओं का लाभ सहजता से उपलब्ध कराना और समस्याओं के समाधान के लिए अनावश्यक रूप से कार्यालयों के चक्कर लगाने से बचाना है। ‘हम आपको सुनते हैं’ लोक संवाद के माध्यम से प्राप्त शिकायतों पर संबंधित पदाधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए जाते हैं, ताकि मामलों का समयबद्ध निष्पादन सुनिश्चित हो सके।
