Bokaro: एमएमडीआर अधिनियम के अनुपालन और अवैध कोयला खनन, परिवहन एवं भंडारण पर रोक लगाने के लिए सीआईएसएफ की सीसीएल करगली इकाई लगातार छापेमारी और वाहन जांच अभियान चला रही है। इसी क्रम में बल की टीम ने केएमपी स्टोर के पीछे, हिंदुस्तान पुल और अमलो रेलवे साइडिंग के मुख्य मार्ग पर सघन जांच अभियान चलाया।

तीन स्थानों से बरामद हुआ 5.545 टन अवैध कोयला
अभियान के दौरान सीसीएल के ढोरी क्षेत्र में तारमी कोल डंप के निकट से लगभग 1.120 टन, दीनदयाल चौक के पास से 2.785 टन और ढोरी चेक पोस्ट के समीप से 1.640 टन अवैध कोयला बरामद किया गया। इस तरह कुल 5.545 टन अवैध कोयला जब्त किया गया। जांच के दौरान कोयला परिवहन करने वाले वाहनों के दस्तावेजों और परिवहन की वैधता की भी पड़ताल की गई।
सीसीएल प्रबंधन को सौंपा गया जब्त कोयला
बरामद कोयले को नियमानुसार एमएमडीआर अधिनियम के तहत सीसीएल प्रबंधन को सौंप दिया गया। सीआईएसएफ ने स्पष्ट किया कि अवैध खनन, परिवहन और भंडारण के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा। बल ने सीसीएल की संपत्ति और खनिज संसाधनों की सुरक्षा के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई।

अधिकारियों और क्यूआरटी टीम ने लिया हिस्सा
छापेमारी अभियान में उप कमांडेंट गारा अभिलाष, केवीए श्रीधर, सहायक कमांडेंट, इंस्पेक्टर बी.डी. गुप्ता और आर.के. सरोज, सब-इंस्पेक्टर संतोष तिवारी, अमित कुमार, धर्मेंद्र कुमार, आसूचनाकर्मी तथा सीआईएसएफ क्यूआरटी के जवान शामिल रहे।
