Bokaro: महालया के पावन अवसर पर शनिवार को देवी पक्ष के शुभारंभ के साथ चास में मां दुर्गा आह्वान शोभायात्रा निकाली गई। मानभूम सांस्कृतिक परिषद, चास की ओर से आयोजित इस शोभायात्रा में बंगाली समुदाय सहित हजारों श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

महावीर चौक से चेक पोस्ट तक निकली शोभायात्रा
शोभायात्रा सुबह 5:30 बजे चास महावीर चौक से शुरू होकर चेक पोस्ट तक पहुंची। इस दौरान पुराने बाजार में उत्सव जैसा माहौल रहा। ढाक की गूंज, पारंपरिक वाद्य यंत्रों की धुन और मां दुर्गा के जयकारों से पूरा वातावरण भक्तिमय हो उठा।
धुनुचि नृत्य और पारंपरिक वादन ने मोहा मन
कार्यक्रम में चंडी पाठ के मंत्रोच्चार, महिला ढाकियों के वादन और पारंपरिक धुनुचि नृत्य ने लोगों का ध्यान आकर्षित किया। वहीं, संथाली पारंपरिक पाता नाच और धामसा-मादल की थाप ने आयोजन में लोक संस्कृति के रंग भर दिए। श्रद्धालुओं ने पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ मां दुर्गा की वंदना कर देवी पक्ष का स्वागत किया।

धार्मिक आस्था के साथ सांस्कृतिक एकता का संदेश
शोभायात्रा में विभिन्न समुदायों के लोगों की भागीदारी ने सामाजिक और सांस्कृतिक एकता का संदेश दिया। मानभूम सांस्कृतिक परिषद की इस पहल ने महालया की परंपरा, बंगाली संस्कृति और मां दुर्गा के आह्वान से जुड़ी धार्मिक मान्यताओं को जीवंत रूप में प्रस्तुत किया। पूरे आयोजन में श्रद्धा, उत्साह और उल्लास का माहौल बना रहा।
