Bokaro: दुर्गा पूजा को शांतिपूर्ण और सुरक्षित तरीके से संपन्न कराने के लिए शनिवार को समाहरणालय सभागार में उपायुक्त अजय नाथ झा और पुलिस अधीक्षक नाथू सिंह मीणा की अध्यक्षता में समीक्षा बैठक हुई। इसमें विधि-व्यवस्था, पूजा पंडालों की सुरक्षा, यातायात, विद्युत व्यवस्था, स्वच्छता और श्रद्धालुओं की सुविधाओं की समीक्षा की गई।

पूजा पंडालों में सीसीटीवी और अग्निशमन व्यवस्था अनिवार्य
डीसी ने सभी पूजा समितियों को सुरक्षा मानकों का पालन करने, प्रवेश-निकास द्वार सुरक्षित रखने, वैध विद्युत कनेक्शन लेने और अग्निशमन उपकरण उपलब्ध रखने का निर्देश दिया। प्रमुख पंडालों में सीसीटीवी कैमरे लगाने तथा कम से कम 10 दिनों का फुटेज सुरक्षित रखने को कहा गया। संबंधित विभागों को पंडालों का निरीक्षण कर कमियां दूर कराने का निर्देश दिया गया।
यातायात, पार्किंग और महिला-बच्चों की सुरक्षा पर जोर
प्रशासन ने भीड़ नियंत्रण के लिए पार्किंग स्थल चिह्नित करने और जरूरत के अनुसार यातायात मार्गों में बदलाव की व्यवस्था करने को कहा। एंबुलेंस और अग्निशमन वाहनों के लिए रास्ते बाधामुक्त रखने के साथ महिलाओं एवं बच्चों की सुरक्षा और बिछड़े लोगों को तत्काल सहायता देने पर जोर दिया गया।

अफवाह फैलाने वालों पर होगी कार्रवाई
डीसी ने सोशल मीडिया पर भ्रामक सूचनाओं और अफवाहों पर निगरानी रखने का निर्देश दिया। अवैध शराब की बिक्री, असामाजिक गतिविधियों और विधि-व्यवस्था बिगाड़ने वालों के खिलाफ कार्रवाई की चेतावनी दी गई।
बड़े पंडालों में 50, छोटे में 20 स्वयंसेवकों की तैनाती
एसपी ने बड़े पंडालों में लगभग 50 और छोटे पंडालों में 20 स्वयंसेवकों की तैनाती पर जोर दिया। प्रतिमा विसर्जन, स्वच्छता, पेयजल और चिकित्सा सुविधाओं की तैयारी समय पर पूरी करने का भी निर्देश दिया गया। बैठक में डीडीसी शताब्दी मजूमदार सहित प्रशासन एवं पुलिस के वरीय अधिकारी उपस्थित थे।
