Bokaro: जिले में अपराध नियंत्रण और लंबित मामलों के त्वरित निष्पादन को लेकर पुलिस ने सितंबर माह में दर्ज 270 मामलों की तुलना में 405 कांडों का निपटारा किया। इनमें महिला अपराध, बलात्कार-पोक्सो, हत्या, साइबर अपराध, सड़क दुर्घटना, चोरी, ठगी और नक्सल समेत विभिन्न श्रेणी के मामले शामिल हैं। यह जानकारी शनिवार को पुलिस अधीक्षक की अध्यक्षता में आयोजित मासिक अपराध गोष्ठी में दी गई।

243 NBW और 14 कुर्की का निष्पादन
बैठक में बताया गया कि जिले में 243 गैर-जमानती वारंट (NBW) और 14 कुर्की का निष्पादन किया गया। पिछले एक माह के दौरान कांडों में संलिप्त 81 आरोपियों और 51 वारंटियों समेत कुल 132 लोगों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेजा गया।
हत्या से साइबर अपराध तक मामलों का निपटारा
पुलिस के अनुसार निपटाए गए मामलों में गुमशुदगी, लापता, अपहरण और महिला अपराध से जुड़े 32 मामले, बलात्कार/पोक्सो के 10, एससी/एसटी के सात, नक्सल के पांच, हत्या के 12, ठगी/जालसाजी के 26, साइबर अपराध के पांच और सड़क दुर्घटना के 27 मामले शामिल हैं। इसके अलावा गृहभेदन के 20, वाहन चोरी के 11, विभिन्न चोरी के 134, छिनतई के छह, लूट के दो और आर्म्स एक्ट के दो मामलों का भी निपटारा किया गया।

920 पासपोर्ट और 16,327 चरित्र सत्यापन
बैठक में पासपोर्ट और चरित्र सत्यापन की भी समीक्षा की गई। सितंबर में पासपोर्ट से जुड़े 920 मामलों तथा चरित्र सत्यापन और ऑनलाइन चरित्र सत्यापन के 16,327 मामलों का निष्पादन किया गया।
12 मामलों में 18 दोषियों को सजा
पुलिस ने बताया कि बोकारो न्यायालय द्वारा 12 कांडों में 18 अपराधियों को दोषी करार देते हुए सजा सुनाई गई। इन मामलों में डकैती, मारपीट, हत्या, महिला अत्याचार, एनडीपीएस एक्ट, ठगी, मोटर दुर्घटना, जुआ अधिनियम और गंभीर मारपीट जैसे मामले शामिल हैं।
1,499 शिकायतों का निपटारा
पुलिस अधीक्षक कार्यालय और वरीय पदाधिकारियों के कार्यालय में आम लोगों से प्राप्त 1,499 शिकायतों का निपटारा किया गया। वहीं, चार थाना दिवसों में आम लोगों से 236 मामले प्राप्त हुए। इनमें 175 मामलों का निष्पादन किया गया, जबकि 51 मामले लंबित हैं। चार मामलों में प्राथमिकी भी दर्ज की गई।
CEIR से 60 मोबाइल बरामद
CEIR पोर्टल के माध्यम से सितंबर में पुलिस ने 60 मोबाइल फोन बरामद किए। सत्यापन के बाद इन्हें वास्तविक धारकों को सौंप दिया गया। पुलिस के अनुसार अब तक बरामद कुल 627 मोबाइल उनके वास्तविक मालिकों को लौटाए जा चुके हैं।
3,387 वाहनों से 49.12 लाख रुपये जुर्माना
यातायात नियमों के पालन को लेकर पुलिस ने सितंबर में छह स्कूलों में जागरूकता अभियान चलाया। खासकर नाबालिगों को वाहन नहीं चलाने के प्रति जागरूक किया गया। यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले 3,387 वाहनों से कुल 49 लाख 12 हजार 450 रुपये का चालान वसूला गया। चौक-चौराहों पर लगे सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से भी नियम तोड़ने वालों के खिलाफ कार्रवाई की गई।
साइबर अपराध और अवैध शराब पर सख्ती के निर्देश
मासिक अपराध गोष्ठी में अपराध नियंत्रण, विधि-व्यवस्था और यातायात व्यवस्था को मजबूत करने के निर्देश दिए गए। पुलिस अधिकारियों को डायल-112 का प्रचार-प्रसार बढ़ाने, शिकायतों पर समय पर कार्रवाई करने, साइबर मामलों के त्वरित निष्पादन, अड्डेबाजी पर कार्रवाई, अवैध शराब और गांजा के खिलाफ अभियान चलाने तथा फुट पेट्रोलिंग और नियमित गश्त को मजबूत करने को कहा गया।
दुर्गा पूजा को लेकर विशेष सुरक्षा निर्देश
दुर्गा पूजा-2026 को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी अधिकारियों को दिशा-निर्देश दिए गए। विसर्जन मार्गों और विसर्जन स्थलों का भौतिक सत्यापन, डैम, तालाब और नदी घाटों पर पर्याप्त रोशनी, रस्सी और ट्यूब की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा गया। पंडालों की मजबूती और सीसीटीवी कैमरों की व्यवस्था की समीक्षा करने के साथ सोशल मीडिया पर निगरानी बढ़ाने के निर्देश दिए गए। पंडालों में वरीय पदाधिकारियों, थाना और डायल-112 से संबंधित फ्लैक्स लगाने को भी कहा गया।
