Bokaro: विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर)-2026 के तहत शनिवार को बोकारो जिले के सभी मतदान केंद्रों पर मतदाता सहायता मेगा कैंप का आयोजन किया गया। शिविरों में मतदाता सूची से संबंधित जानकारी देने के साथ नाम जोड़ने, हटाने और विवरण में संशोधन की प्रक्रिया में लोगों को आवश्यक सहायता उपलब्ध कराई गई।

डीईओ-सह-डीसी ने की मेगा कैंप की निगरानी
जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-उपायुक्त अजय नाथ झा ने जिले में आयोजित मेगा कैंप के संचालन की निगरानी की। उन्होंने निर्वाचक निबंधन पदाधिकारियों (ईआरओ) और सहायक निर्वाचक निबंधन पदाधिकारियों (एईआरओ) से व्यवस्थाओं तथा मतदाताओं को दी जा रही सुविधाओं की जानकारी ली। साथ ही, संबंधित अधिकारियों को गंभीरता और तत्परता से कार्य करने का निर्देश दिया।
ईआरओ-एईआरओ ने मतदान केंद्रों का किया निरीक्षण
मेगा कैंप की व्यवस्थाओं का जायजा लेने के लिए ईआरओ और एईआरओ ने विभिन्न मतदान केंद्रों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने मतदाताओं को उपलब्ध कराई जा रही सहायता और मतदाता सूची से जुड़े कार्यों की प्रगति की समीक्षा की। अधिकारियों ने कर्मियों को लोगों की समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समाधान करने का निर्देश दिया।

फॉर्म 6, 7 और 8 के आवेदन किए गए प्राप्त
कैंप में बूथ लेवल ऑफिसर (बीएलओ) और संबंधित कर्मियों ने मतदाताओं को आवश्यक जानकारी दी। इस दौरान नाम जोड़ने, हटाने और संशोधन से संबंधित फॉर्म 6, 7 और 8 के आवेदन प्राप्त किए गए। अभियान का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना रहा कि कोई भी पात्र नागरिक मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने से वंचित न रहे।
