Bokaro: सेक्टर-5बी स्थित गुरु गोबिंद सिंह पब्लिक स्कूल में ‘शक्ति पर्व एवं संस्कार’ विषय पर भव्य सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किया गया। आयोजन में भारतीय संस्कृति, आध्यात्मिक चेतना, नारी शक्ति और नैतिक मूल्यों की झलक देखने को मिली। कार्यक्रम की शुरुआत अतिथियों के स्वागत, मां दुर्गा को पुष्पांजलि और दीप प्रज्वलन के साथ हुई। इसके बाद चंद्रभान शुक्ल ने गीत प्रस्तुत किया।

‘राम वन गमन’ और ‘नव दुर्गा’ बनीं मुख्य आकर्षण
कार्यक्रम में शिक्षकों ने ‘राम वन गमन’ नृत्य-नाटिका के माध्यम से भगवान श्रीराम के त्याग, मर्यादा और कर्तव्यनिष्ठा को प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किया। ‘नव दुर्गा’ की प्रस्तुति ने नारी शक्ति, साहस और आत्मविश्वास का संदेश दिया। वहीं, धुनुची और गरबा नृत्य ने समारोह में पारंपरिक संस्कृति और उत्साह के रंग भर दिए।
शिक्षा के साथ संस्कारों के महत्व पर जोर
प्राचार्य अभिषेक कुमार ने संस्कारों, संवेदनशीलता और मानवीय मूल्यों के विकास को शिक्षा का महत्वपूर्ण उद्देश्य बताया। जीजीईएस प्रबंधन समिति के सचिव एसपी सिंह ने शिक्षा और संस्कारों के संबंध पर प्रकाश डाला, जबकि अध्यक्ष तरसेम सिंह ने भारतीय संस्कृति एवं नैतिक आदर्शों को जीवन में अपनाने की प्रेरणा दी।

ई-पत्रिका का विमोचन, शिक्षकों की प्रतिभा की सराहना
समारोह में विद्यालय की ई-पत्रिका का विमोचन किया गया। इसमें शैक्षणिक गतिविधियों, उपलब्धियों और रचनात्मक अभिव्यक्तियों को मंच देने की पहल की सराहना की गई। कार्यक्रम में उप प्राचार्य अमोलक सिंह, धनबाद के प्राचार्य सुदीप कुमार ठाकुर, जसपाल कौर और शीला मिश्रा सहित अन्य अतिथि उपस्थित रहे। शिक्षकों की सामूहिक सहभागिता से सजे आयोजन का समापन धन्यवाद ज्ञापन और राष्ट्रगान के साथ हुआ।
