Bokaro: चंदनकियारी के सियालजोरी स्थित वेदांता ईएसएल स्टील लिमिटेड (Vedanta ESL Steel Limited) के प्लांट परिसर में रविवार सुबह गैस की चपेट में आने से दो लोगों की मौत हो गई। मृतकों में हजारीबाग निवासी कंपनी के शिफ्ट इंचार्ज सोहन महतो (40) और धनबाद निवासी कंपनी के बिजनेस पार्टनर से जुड़े इंजीनियर समीर अंसारी (30) शामिल हैं। घटना के बाद प्लांट में अफरा-तफरी मच गई और प्रभावित क्षेत्र को असुरक्षित घोषित कर घेराबंदी कर दी गई।
अस्पताल ले जाने के बाद दोनों ने तोड़ा दम
बताया गया कि घटना सुबह करीब 9 बजे हुई। गैस के संपर्क में आने के बाद दोनों को प्लांट में प्राथमिक जांच के बाद अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल है।

गैस की पहचान नहीं, प्रभावित क्षेत्र में प्रवेश पर रोक
अधिकारियों के अनुसार फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि दोनों किस गैस की चपेट में आए। प्लांट में कई तरह की खतरनाक गैसों का इस्तेमाल होता है। ऐसे में रंगहीन और गंधहीन गैस के रिसाव (Gas Leak) की आशंका से भी इनकार नहीं किया जा रहा है। फैक्ट्री इंस्पेक्टर शिवानंद लागुरी ने कंपनी प्रबंधन को प्रभावित क्षेत्र की घेराबंदी कर उसे ‘अनसेफ’ घोषित करने का निर्देश दिया है। गैस की पहचान होने और उसकी सांद्रता पीपीएम स्तर पर नियंत्रित होने तक किसी को भी क्षेत्र में प्रवेश की अनुमति नहीं होगी।

लागुरी ने कहा, “लीक हुई गैस की पहचान और पीपीएम स्तर नियंत्रित होने तक प्रभावित क्षेत्र में निरीक्षण के लिए जाना भी सुरक्षित नहीं है। कंपनी प्रबंधन को क्षेत्र की घेराबंदी कर किसी भी व्यक्ति के प्रवेश पर रोक लगाने का निर्देश दिया गया है।”
डीसी ने एसडीओ को सौंपी जांच
बोकारो उपायुक्त अजय नाथ झा ने घटना की जांच के लिए चास एसडीएम को निर्देश दिया है। उन्होंने जल्द से जल्द जांच रिपोर्ट सौंपने को कहा है। साथ ही बोकारो एसपी नाथू सिंह मीणा को पूरे मामले की निगरानी करने का निर्देश दिया गया है।उपायुक्त ने कहा, “जांच रिपोर्ट से यह स्पष्ट होगा कि घटना में सुरक्षा या सेफ्टी से जुड़ी कोई चूक हुई थी या नहीं। जांच के निष्कर्ष के आधार पर उचित कार्रवाई की जाएगी।” एसपी नाथू सिंह मीणा ने भी दो लोगों की मौत की पुष्टि की है।
जांच में गैस की वजह बनी बड़ी चुनौती
प्रभावित क्षेत्र को फिलहाल असुरक्षित घोषित किए जाने के कारण अधिकारियों के लिए मौके पर जाकर जांच करना मुश्किल हो रहा है। अधिकारियों का कहना है कि पहले गैस के प्रकार और उसके रिसाव की स्थिति का पता लगाना जरूरी है। इसके बाद ही जांच टीम सुरक्षित तरीके से घटनास्थल में प्रवेश कर सकेगी।
कंपनी ने जताया शोक, स्वतंत्र जांच का ऐलान
ईएसएल स्टील के प्रवक्ता ने कहा कि प्लांट परिसर में गैस के संपर्क में आने की दुर्भाग्यपूर्ण घटना हुई, जिसमें कंपनी के एक अधिकारी और बिजनेस पार्टनर के इंजीनियर को प्राथमिक जांच के बाद अस्पताल ले जाया गया। दोनों की मौत पर कंपनी ने गहरा दुख जताते हुए उनके परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की है। कंपनी ने दोनों परिवारों को हरसंभव सहायता और सहयोग देने की बात कही है।प्रवक्ता ने कहा कि ईएसएल स्टील घटना की स्वतंत्र जांच कराएगी और जांच के निष्कर्षों के आधार पर आवश्यक कदम उठाए जाएंगे।
ईएसएल स्टील लिमिटेड, वेदांता आयरन एंड स्टील लिमिटेड (VISL) की सहायक कंपनी है। सियालजोरी क्षेत्र में स्थित प्लांट की वर्तमान क्रूड स्टील उत्पादन क्षमता 1.5 एमटीपीए है।
