Bokaro : पिंड्राजोरा थाना क्षेत्र के राष्ट्रीय राजमार्ग-32 पर नगेन मोड़ के पास रविवार सुबह करीब 6:30 बजे एक दर्दनाक सड़क हादसे में दो लोगों की मौत हो गई, जबकि चार अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। चास से पुरुलिया की ओर जा रहा एक ट्रेलर बाइक को बचाने के प्रयास में अनियंत्रित होकर सड़क किनारे स्थित होटल में घुस गया। हादसे के समय होटल में कई लोग चाय पी रहे थे।

चाय पीने आए दो लोगों की मौके पर मौत
हादसे में जान गंवाने वालों की पहचान सरदाहा गांव निवासी गुहीराम झा (71) और सिदाम राय (51) के रूप में हुई है। दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। तीन बच्चों के पिता गुहीराम झा रोजाना सुबह इसी होटल में चाय पीने आते थे। वहीं, सिदाम राय दिव्यांग थे। पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद दोनों शव परिजनों को सौंप दिए।
चालक समेत चार गंभीर रूप से घायल
दुर्घटना में जीवांडीह निवासी रंजीत महतो (55) और साधना देवी (35), कालीकापुर निवासी रुस्तम अंसारी (40) तथा ट्रेलर चालक बिहार के जहानाबाद निवासी दिलीप कैवट (30) गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी को इलाज के लिए सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है। चालक की हालत गंभीर बताई गई है।

मुआवजे और सड़क चौड़ीकरण की मांग पर पांच घंटे जाम
हादसे से आक्रोशित स्थानीय लोगों ने सड़क चौड़ीकरण और मृतकों के परिजनों को मुआवजा देने की मांग को लेकर करीब पांच घंटे तक सड़क जाम रखा। ग्रामीणों का कहना था कि सड़क का संकरा होना और भारी वाहनों की लगातार आवाजाही दुर्घटनाओं का खतरा बढ़ा रही है।
सूचना मिलने पर चास के प्रखंड विकास पदाधिकारी (बीडीओ) मौके पर पहुंचे और शोकाकुल परिवारों से मुलाकात कर सहायता का आश्वासन दिया। बीडीओ, स्थानीय जनप्रतिनिधियों और पुलिस के हस्तक्षेप तथा लिखित आश्वासन के बाद जाम हटाया गया। इसके बाद यातायात सामान्य हो सका।
प्राथमिकी दर्ज, ट्रेलर जब्त
पिंड्राजोरा थाना प्रभारी रवि कुमार ने बताया कि मामले में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है और मुआवजे की प्रक्रिया चल रही है। दुर्घटनाग्रस्त ट्रेलर को जब्त कर थाने लाया गया है। पुलिस मामले की आगे जांच कर रही है।
