Bokaro : चास थाना क्षेत्र के जोधाडीह मोड़ पर रविवार को राष्ट्रीय उच्च पथ-32 (NH-32) पर हाइड्रा की चपेट में आने से साइकिल सवार एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई। मृतक की पहचान बारपोखर गांव निवासी सुंदर लाल महतो के रूप में हुई है। वह गांव-गांव घूमकर मुड़ी बेचने का काम करता था।

मुड़ी बेचकर लौट रहे थे घर
जानकारी के अनुसार, सुंदर लाल महतो मुड़ी बेचने के बाद साइकिल से अपने गांव लौट रहे थे। इसी दौरान जोधाडीह मोड़ के पास वह हाइड्रा की चपेट में आ गए। हादसे में उनकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
आक्रोशित लोगों ने किया सड़क जाम
हादसे से नाराज स्थानीय लोगों ने सड़क जाम कर दिया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और लोगों को समझाकर जाम हटाने का प्रयास किया। स्थानीय लोग मृतक के परिजनों के पहुंचने के बाद ही आगे का निर्णय लेने की बात कह रहे हैं।

ट्रैफिक व्यवस्था पर उठाए सवाल
स्थानीय लोगों ने जोधाडीह मोड़ पर यातायात व्यवस्था को लेकर नाराजगी जताई। उनका कहना है कि यह एक व्यस्त चौक है, इसके बावजूद यहां ट्रैफिक व्यवस्था दुरुस्त नहीं है। लोगों ने आरोप लगाया कि यातायात व्यवस्था सुधारने के बजाय ट्रैफिक पुलिस का ध्यान चालान काटने और जुर्माना वसूलने पर अधिक रहता है।
हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने चौक पर यातायात व्यवस्था को दुरुस्त करने और सड़क सुरक्षा के लिए प्रभावी कदम उठाने की मांग की है।
