Bokaro: बोकारो स्टील प्लांट (बीएसएल) में कार्यस्थल पर सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाने, संभावित खतरों की समय रहते पहचान करने तथा सुरक्षित कार्य-संस्कृति को और सुदृढ़ करने के उद्देश्य से सुरक्षा-साथियों (Safety Warriors) के साथ एक संवाद सत्र आयोजित किया गया। इस अवसर पर अधिशासी निदेशक (संकार्य) ने सुरक्षा साथियों के साथ सीधे संवाद कर सुरक्षित कार्यप्रणालियों को अपनाने, जोखिमों के प्रति सतर्क रहने तथा दुर्घटनाओं की रोकथाम में प्रत्येक कर्मचारी की सक्रिय भागीदारी के महत्व पर जोर दिया। कार्यक्रम में मुख्य महाप्रबंधक (फायर एंड सेफ्टी सर्विसेज), सुरक्षा विभाग के वरिष्ठ अधिकारी, विभागीय सुरक्षा अधिकारी तथा बड़ी संख्या में सुरक्षा-साथी उपस्थित थे।


संवाद के दौरान अधिशासी निदेशक (संकार्य) ने पूर्व में हुई दुर्घटनाओं एवं निकट-दुर्घटनाओं (Near Misses) से सीख लेने और उनकी पुनरावृत्ति रोकने की आवश्यकता पर बल दिया। उन्होंने विशेष रूप से ‘लाइन ऑफ फायर’ (Line of Fire) से जुड़े जोखिमों की पहचान, संभावित खतरों के प्रति सजगता तथा असुरक्षित परिस्थितियों एवं व्यवहारों की समय रहते पहचान कर आवश्यक सुधारात्मक कदम उठाने के महत्व को रेखांकित किया। उन्होंने कहा कि सतर्कता, सुरक्षित कार्यप्रणालियों का पालन और समय पर उचित कार्रवाई दुर्घटनाओं की रोकथाम में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
कार्यक्रम के दौरान ‘माई एरिया, माई रिस्पॉन्सिबिलिटी’ (My Area, My Responsibility – MAMR) की अवधारणा पर भी चर्चा की गई। इसके माध्यम से प्रत्येक कर्मचारी को अपने कार्यक्षेत्र की सुरक्षा के प्रति जिम्मेदारी निभाने तथा सुरक्षित कार्य वातावरण सुनिश्चित करने में सक्रिय योगदान देने के लिए प्रेरित किया गया। साथ ही, इंटीग्रेटेड सेफ्टी सर्किल्स की भूमिका पर प्रकाश डालते हुए सुरक्षा साथियों से कार्यस्थल की गतिविधियों पर सतर्क निगरानी रखने, असुरक्षित परिस्थितियों एवं कार्यप्रणालियों की समय पर सूचना देने तथा सुरक्षा व्यवस्था में निरंतर सुधार के लिए सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया गया।

सुरक्षा साथियों की भूमिका एवं दायित्वों को रेखांकित करते हुए उन्हें संयंत्र में सुरक्षा जागरूकता का प्रसार करने, सहकर्मियों को सुरक्षित कार्य व्यवहार अपनाने के लिए प्रेरित करने तथा संभावित जोखिमों की पहचान एवं रोकथाम में सक्रिय सुरक्षा दूत के रूप में योगदान देने के लिए प्रोत्साहित किया गया।
कार्यक्रम के समापन पर सभी प्रतिभागियों ने सुरक्षा शपथ ली। उन्होंने संभावित खतरों के प्रति सतर्क रहने, असुरक्षित परिस्थितियों की पहचान कर उनकी सूचना देने, निर्धारित सुरक्षित कार्यप्रणालियों का पालन करने तथा दुर्घटनामुक्त कार्यस्थल के निर्माण में सक्रिय योगदान देने का संकल्प लिया।
यह संवाद सत्र बीएसएल में सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने तथा एक सक्रिय, सहभागी और सतत सुरक्षा संस्कृति विकसित करने की प्रतिबद्धता को दर्शाता है।
