Bokaro: एमजीएम हायर सेकेंड्री स्कूल, सेक्टर-4 एफ, बोकारो के विद्यार्थियों ने राष्ट्रीय गतका प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन करते हुए कुल नौ राष्ट्रीय पदक अपने नाम किए। हरियाणा के फतेहाबाद में 14 से 17 अक्टूबर तक आयोजित इस प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने झारखंड का प्रतिनिधित्व करते हुए अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया और विद्यालय सहित राज्य का गौरव बढ़ाया।


अंडर-11 वर्ग में रजत पदक पर जमाया कब्जा
प्रतियोगिता के अंडर-11 वर्ग में तुष्टि श्री, ब्लेसी मिंज, प्रांजलि उरांव और नव्या वर्मा ने एसोती टीम स्पर्धा में बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए रजत पदक हासिल किया। वहीं, समर्थ सिंह और अहद अमन ने टीम डेमो स्पर्धा में शानदार खेल दिखाते हुए कांस्य पदक जीता।
अंडर-14 वर्ग में भी खिलाड़ियों ने दिखाया दम
अंडर-14 वर्ग की टीम फ्यूरी स्पर्धा में अपराजिता, इच्छा श्री और अस्मिता कुमारी ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए कांस्य पदक अपने नाम किया। खिलाड़ियों की इस उपलब्धि से विद्यालय में खुशी का माहौल है।

सम्मान समारोह में विजेताओं को किया गया सम्मानित
विद्यार्थियों की उपलब्धि के उपलक्ष्य में गुरुवार को विद्यालय में सम्मान समारोह आयोजित किया गया। विद्यालय के प्राचार्य फादर डॉ. जोशी वर्गीस ने सभी विजेता खिलाड़ियों को सम्मानित किया। उन्होंने कहा कि खेलकूद विद्यार्थियों के शारीरिक और मानसिक विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। खेलों के माध्यम से विद्यार्थी राज्य, राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर सकते हैं।
शिक्षा के साथ खेलकूद को भी प्रोत्साहन
प्राचार्य ने कहा कि विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए शिक्षा के साथ खेलकूद में भागीदारी भी जरूरी है। विद्यालय प्रबंधन विद्यार्थियों को विभिन्न खेल गतिविधियों में हिस्सा लेने के लिए प्रोत्साहित करता है, ताकि वे अपनी प्रतिभा को निखारकर भविष्य में और बड़ी उपलब्धियां हासिल कर सकें।
इस अवसर पर उप प्राचार्य राखी बनर्जी, हेडमिस्ट्रेस सपना जोशी, गतका प्रशिक्षक राजीव कुमार, शारीरिक शिक्षा शिक्षक मीनाक्षी कुमारी, सौरभ कुमार, मोहसिन, वंदना कुमारी और पूनम कुमारी सहित अन्य उपस्थित थे।
