Bokaro: झारखंड शिक्षक पात्रता परीक्षा (जेटेट)-2026 के सफल, शांतिपूर्ण और कदाचारमुक्त आयोजन को लेकर बोकारो जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। आगामी 1 नवंबर 2026 को जिले के 72 परीक्षा केंद्रों पर दो पालियों में परीक्षा आयोजित की जाएगी, जिसमें कुल 46,181 अभ्यर्थी शामिल होंगे। परीक्षा की तैयारियों को लेकर गुरुवार को शिबू सोरेन स्मृति भवन सभागार में उपायुक्त अजय नाथ झा और पुलिस अधीक्षक नाथू सिंह मीणा की संयुक्त अध्यक्षता में ब्रीफिंग आयोजित की गई।


परीक्षा की निष्पक्षता से समझौता नहीं: उपायुक्त
उपायुक्त अजय नाथ झा ने सभी केंद्राधीक्षकों, दंडाधिकारियों, पेट्रोलिंग मजिस्ट्रेट और पुलिस पदाधिकारियों को पूरी सतर्कता एवं जिम्मेदारी के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि परीक्षा की निष्पक्षता, पारदर्शिता और विश्वसनीयता बनाए रखना जिला प्रशासन की प्राथमिकता है। किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
प्रश्नपत्र लीक और ठगी करने वालों पर रहेगी नजर
उपायुक्त ने अधिकारियों को प्रश्नपत्र लीक कराने, परीक्षा में गड़बड़ी करने और फर्जी प्रश्नपत्र के नाम पर अभ्यर्थियों से ठगी करने वाले तत्वों पर विशेष निगरानी रखने को कहा। उन्होंने निर्देश दिया कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि या सूचना को नजरअंदाज नहीं किया जाए और जरूरत पड़ने पर तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।

सोशल मीडिया पर भ्रामक सूचनाओं की होगी निगरानी
पुलिस अधीक्षक नाथू सिंह मीणा ने कहा कि परीक्षा के दौरान सोशल मीडिया पर प्रश्नपत्र लीक होने या परीक्षा से संबंधित भ्रामक सूचनाएं फैलाए जाने की आशंका को देखते हुए साइबर सेल और सोशल मीडिया मॉनिटरिंग टीम सक्रिय रहेगी। अफवाह फैलाने वालों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने परीक्षा केंद्रों पर अभ्यर्थियों की सघन जांच सुनिश्चित करने, प्रतिबंधित सामग्री को अंदर ले जाने से रोकने और केंद्रों के आसपास अनावश्यक भीड़ नियंत्रित करने का निर्देश दिया। प्रश्नपत्रों को पुलिस सुरक्षा में निर्धारित समय पर केंद्रों तक पहुंचाया जाएगा। इसके लिए वाहनों के निर्धारित मार्ग और जीपीएस के माध्यम से निगरानी की व्यवस्था रहेगी।
परीक्षा केंद्रों पर लागू होंगे सख्त सुरक्षा नियम
एसपी ने स्पष्ट किया कि परीक्षा केंद्रों में केवल अधिकृत व्यक्तियों को ही प्रवेश मिलेगा। केंद्राधीक्षक और प्रतिनियुक्त स्टैटिक मजिस्ट्रेट के अलावा किसी अन्य व्यक्ति को मोबाइल फोन रखने की अनुमति नहीं होगी। सभी अधिकारियों को जीरो मिस्टेक के लक्ष्य के साथ काम करने का निर्देश दिया गया।
पहली पाली में 31,326 और दूसरी में 14,855 अभ्यर्थी
जिला शिक्षा पदाधिकारी प्रवीण रंजन ने बताया कि बोकारो जिले के 72 केंद्रों पर दो पालियों में परीक्षा आयोजित होगी।
पहली पाली: कक्षा 6 से 8 के लिए परीक्षा सुबह 9:30 बजे से दोपहर 12 बजे तक होगी। इसमें 31,326 अभ्यर्थी शामिल होंगे।
दूसरी पाली: कक्षा 1 से 5 के लिए परीक्षा दोपहर 2 बजे से शाम 4:30 बजे तक आयोजित होगी। इसमें 14,855 अभ्यर्थी शामिल होंगे।
इस प्रकार दोनों पालियों में कुल 46,181 अभ्यर्थी परीक्षा देंगे।
सीसीटीवी और जांच व्यवस्था पर विशेष जोर
सभी परीक्षा केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरों की व्यवस्था, प्रवेश एवं निकास प्रबंधन, प्रश्नपत्रों का सुरक्षित परिवहन और विधि-व्यवस्था बनाए रखने पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। पुरुष और महिला अभ्यर्थियों की जांच के लिए अलग-अलग व्यवस्था की जाएगी। केंद्राधीक्षकों को निर्धारित मानक संचालन प्रक्रिया (एसओपी) के अनुसार सभी तैयारियां समय पर पूरी करने का निर्देश दिया गया है।
अधिकारियों को समय से केंद्रों पर पहुंचने का निर्देश
प्रशासन ने प्रतिनियुक्त अधिकारियों को परीक्षा शुरू होने से पहले अपने निर्धारित केंद्रों पर पहुंचकर व्यवस्थाओं का जायजा लेने और परीक्षा समाप्त होने तक सतर्क रहने को कहा है। परीक्षा के सुचारु संचालन के लिए राजेंद्र उच्च विद्यालय, जारंगडीह, बेरमो के प्रधानाध्यापक संजय कुमार ने एसओपी से संबंधित प्रशिक्षण भी दिया।
ब्रीफिंग में कई अधिकारी रहे मौजूद
बैठक में अपर समाहर्ता सुनील चन्द्र, डीपीएलआर पूर्णिमा कुमारी, बेरमो एसडीओ मनोज कुमार, मुख्यालय डीएसपी पवन कुमार, जिला पंचायत राज पदाधिकारी मो. शफीक आलम, जिला शिक्षा पदाधिकारी प्रवीण रंजन, सिटी डीएसपी राजीव रंजन, ट्रैफिक डीएसपी अजय कुमार और एपीआरओ अविनाश कुमार समेत संबंधित पदाधिकारी, केंद्राधीक्षक, दंडाधिकारी एवं पुलिस अधिकारी उपस्थित थे।
