बोकारो: CISF यूनिट CCL करगली ने कमांडेंट राजप्रताप सिंह के नेतृत्व में अक्टूबर माह में अवैध कोयला खनन एवं तस्करी के खिलाफ व्यापक अभियान चलाया। इस दौरान 221 छापेमारी में 788.105 टन अवैध कोयला बरामद किया गया, जिसकी अनुमानित कीमत 22,25,306 रुपये है।
115 वाहन जब्त, सात मामलों में न्यायालय में शिकायत
अवैध कोयला कारोबार के खिलाफ कार्रवाई करते हुए CISF ने कुल 115 वाहन जब्त किए। इनमें 69 मोटरसाइकिल, एक पिकअप वाहन, चार हाईवा/ट्रेलर और 41 साइकिल शामिल हैं। वहीं, MMDR अधिनियम के तहत सात मामलों में न्यायालय में सीधे शिकायत दर्ज कराई गई।

अवैध कोयला तस्करी के नेटवर्क पर नजर
CISF की टीमें बेरमो कोयलांचल क्षेत्र में अवैध कोयला परिवहन पर अंकुश लगाने के लिए लगातार छापेमारी कर रही हैं। राजमार्गों पर कोयला लदे वाहनों के दस्तावेजों की जांच के साथ तस्करी से जुड़े नेटवर्क के खिलाफ भी कानूनी कार्रवाई की जा रही है। इसका उद्देश्य केंद्र सरकार के ‘जीरो कोल लीकेज’ लक्ष्य को प्रभावी बनाना है।

ग्रामीणों के बीच फुटबॉल मैच और शैक्षणिक सामग्री का वितरण
सुरक्षा अभियान के साथ CISF ने सामुदायिक सहभागिता को भी बढ़ावा दिया। CCL प्रबंधन के सहयोग से ग्रामीणों के बीच फुटबॉल मैच आयोजित किया गया। बच्चों को शैक्षणिक सामग्री वितरित करने के साथ ग्रामीण क्षेत्रों में स्वच्छता कार्यक्रम भी चलाए गए।
राष्ट्रीय संपदा की सुरक्षा के लिए सहयोग की अपील
CISF ने आम नागरिकों से राष्ट्रीय संपदा की सुरक्षा और अवैध कोयला तस्करी पर रोक लगाने में सहयोग की अपील की। बल का कहना है कि कानून प्रवर्तन के साथ ग्रामीणों के बीच विश्वास और सहयोग मजबूत करना भी उसकी प्राथमिकताओं में शामिल है।
