Bokaro: हरला थाना पुलिस ने चर्चित शंकर रवानी हत्याकांड से जुड़े प्राथमिकी अभियुक्त एवं वारंटी नागेश्वर सिंह को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उसे मंगलवार को गुप्त सूचना के आधार पर बोकारो जनरल अस्पताल (बीजीएच) से गिरफ्तार किया। उसके खिलाफ बोकारो न्यायालय से अजमानतीय वारंट जारी था।
2024 के कांड में था प्राथमिकी अभियुक्त
पुलिस के अनुसार, नागेश्वर सिंह हरला थाना कांड संख्या 78/2024, दिनांक 18 जुलाई 2024 में प्राथमिकी अभियुक्त है। मामले में बीएनएस की धारा तथा आर्म्स एक्ट की धारा के तहत मामला दर्ज है।

बीजीएच से गुप्त सूचना पर गिरफ्तारी
न्यायालय से जारी अजमानतीय वारंट के आधार पर पुलिस उसकी तलाश कर रही थी। इसी दौरान पुलिस को उसके बीजीएच में होने की गुप्त सूचना मिली। सूचना के सत्यापन के बाद हरला पुलिस की टीम ने अस्पताल पहुंचकर नागेश्वर सिंह को विधिवत गिरफ्तार कर लिया।

पहले भी दर्ज हैं दो मामले
पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार नागेश्वर सिंह का पूर्व आपराधिक इतिहास भी रहा है। हरला थाना में उसके खिलाफ वर्ष 2023 में दो मामले दर्ज हैं। पहला मामले में मारपीट, बलवा, छेड़छाड़, चोरी, गाली-गलौज और धमकी समेत विभिन्न धाराएं लगाई गई थीं। दूसरा मामला, जिसमें दहेज निषेध अधिनियम की धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया था।
पुलिस टीम ने की कार्रवाई
गिरफ्तारी अभियान में हरला थाना प्रभारी पुलिस निरीक्षक खुर्शीद आलम, पुलिस अवर निरीक्षक मनीष कुमार गुप्ता और आरक्षी नरेश मंडल शामिल रहे। पुलिस के अनुसार गिरफ्तार अभियुक्त को आगे की न्यायिक प्रक्रिया के लिए न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया जाएगा।
