Bokaro: ज़िले के चतरोचट्टी थाना क्षेत्र के चैटाटांड़ गांव में सोमवार को दो पक्षों के बीच हुए आपसी विवाद के दौरान एक व्यक्ति पर टांगी से हमला कर गंभीर रूप से घायल करने का मामला सामने आया है। घायल के आवेदन पर पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।
सिर पर टांगी से किया वार
पुलिस के अनुसार, 2 नवंबर को चैटाटांड़ गांव में दो पक्षों के बीच किसी बात को लेकर विवाद हो गया था। इसी दौरान द्वारका महतो ने कथित तौर पर लालमन महतो के सिर पर जान से मारने की नीयत से टांगी से हमला कर दिया। हमले में लालमन महतो गंभीर रूप से घायल हो गए।

घायल के आवेदन पर केस दर्ज
घटना के बाद घायल लालमन महतो ने चतरोचट्टी थाने में आवेदन दिया। उनके आवेदन के आधार पर पुलिस ने चतरोचट्टी थाना कांड संख्या 51/2026 दर्ज किया। प्राथमिकी में द्वारका महतो को नामजद आरोपी बनाया गया है।

आरोपी गिरफ्तार, भेजा गया जेल
पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए प्राथमिकी अभियुक्त द्वारका महतो (55) को गिरफ्तार कर लिया। वह चैटाटांड़ गांव का रहने वाला है। आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।
पुलिस टीम ने की कार्रवाई
आरोपी की गिरफ्तारी में सहायक अवर निरीक्षक महेश कुमार शर्मा के अलावा आरक्षी सहदेव प्रसाद यादव, शिवनंदन हांसदा, इंदल कुमार चौरसिया और रामेश्वर यादव शामिल रहे। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
