Bokaro: धनतेरस के स्वागत में सजे बोकारो के ऑटोमोबाइल शोरूमों में धनतेरस के मौके पर रौनक देखते ही बन रही है। शुभ मुहूर्त में नई गाड़ी खरीदने की परंपरा ने वाहन बाजार में जबरदस्त उत्साह भर दिया है। अनुमान है कि धनतेरस पर बोकारो में कार, एसयूवी और दोपहिया वाहनों को मिलाकर 1000 से अधिक गाड़ियों की बिक्री होगी। शोरूमों में पहले से हुई बुकिंग और लगातार मिल रही पूछताछ से वाहन कारोबारियों को इस बार धनतेरस में 50 करोड़ रुपये से अधिक के कारोबार की उम्मीद है।
दो महीने पहले से शुरू हो गई थी बुकिंग
चारपहिया वाहनों के शोरूमों में ग्राहकों की भारी भीड़ देखी जा रही है। कई लोगों ने धनतेरस पर डिलीवरी सुनिश्चित करने के लिए एक से दो महीने पहले ही अपनी पसंद की गाड़ी बुक करा ली थी।

KIA शोरूम में नई कार की डिलीवरी लेने पहुंचे बैंककर्मी मुकेश कुमार ने कहा, “धनतेरस का दिन बेहद शुभ माना जाता है। हमने करीब दो महीने पहले ही नई कार खरीदने की योजना बना ली थी। हमारी इच्छा थी कि गाड़ी Seltos की डिलीवरी इसी शुभ दिन हो, इसलिए पहले से बुकिंग कराई थी। आज गाड़ी की डिलीवरी मिलने से परिवार में काफी खुशी है।”

बोकारो में किआ की बढ़ती लोकप्रियता
चारपहिया वाहन बाजार में मारुति (Maruti) की मजबूत पकड़ के बीच इस वर्ष KIA ने भी बोकारो में अपनी लोकप्रियता बढ़ाई है। KIA की गाड़ियों की मांग इतनी अधिक है कि चास स्थित शोरूम में सभी ग्राहकों को धनतेरस के दिन डिलीवरी देना संभव नहीं हो पा रहा है। कई ग्राहकों को दीपावली और छठ से पहले की तारीखें दी जा रही हैं।
Elegen KIA बोकारो के संचालक मनीष जैन ने बताया, “हमारे यहां करीब 280 गाड़ियों के लिए पूछताछ आई है। इनमें 190 से अधिक गाड़ियों की बुकिंग हो चुकी है। हालांकि, उपलब्धता के कारण धनतेरस पर हम 126 गाड़ियों की ही डिलीवरी कर पाएंगे। शेष ग्राहकों को दीपावली और छठ से पहले गाड़ियां उपलब्ध कराई जाएंगी। इसके बावजूद लगातार नई पूछताछ आ रही है।”
50 करोड़ से अधिक के कारोबार की उम्मीद
मारुति, टाटा, हुंडई और महिंद्रा समेत अन्य कंपनियों के शोरूम भी धनतेरस की तैयारियों में जुटे हैं। ग्राहकों को समय पर गाड़ियों की डिलीवरी देने के लिए कर्मचारी अतिरिक्त समय तक काम कर रहे हैं। कारोबारियों को उम्मीद है कि जिले में इस बार वाहन बिक्री का आंकड़ा 50 करोड़ रुपये के पार पहुंच सकता है।
इलेक्ट्रिक वाहनों की ओर बढ़ा रुझान
इस धनतेरस पर इलेक्ट्रिक वाहनों की मांग भी खासा आकर्षण का केंद्र बनी हुई है। पर्यावरण के प्रति बढ़ती जागरूकता और इलेक्ट्रिक वाहनों के प्रति लोगों की रुचि के कारण दोपहिया और चारपहिया ईवी की बुकिंग में तेजी देखी जा रही है। वहीं, दोपहिया वाहन बाजार में भी त्योहार का उत्साह साफ नजर आ रहा है।
कुल मिलाकर, धनतेरस पर बोकारो का ऑटोमोबाइल बाजार नई ऊंचाइयों को छूने की तैयारी में है। बंपर बुकिंग, बढ़ती मांग और इलेक्ट्रिक वाहनों की लोकप्रियता ने कारोबारियों के चेहरे पर मुस्कान ला दी है। अब सभी की निगाहें धनतेरस और दीपावली के दौरान होने वाली वास्तविक बिक्री पर टिकी हैं।
