Bokaro: बोकारो स्थित अपने ग्रीनफील्ड डाउनस्ट्रीम स्टील कॉम्प्लेक्स की कलर कोटिंग लाइन के लिए Consent to Operate (संचालन की अनुमति) प्राप्त करने के साथ BMW Industries Limited ने स्टील के नए उत्पाद सेगमेंट में कदम रख दिया है। कंपनी को यह अनुमति 5 अक्टूबर 2026 को मिली। इस उपलब्धि के साथ बोकारो में कंपनी की विस्तार परियोजना ने महत्वपूर्ण पड़ाव पार कर लिया है।
कंपनी के अनुसार, 30 सितंबर 2026 तक बोकारो विस्तार परियोजना पर कुल 516.4 करोड़ रुपये का निवेश किया जा चुका है। इसमें 208.9 करोड़ रुपये कंपनी के आंतरिक संसाधनों से और 307.5 करोड़ रुपये ऋण के माध्यम से लगाए गए हैं। कलर कोटिंग लाइन के चालू होने से कंपनी अब कलर-कोटेड स्टील उत्पादों के कारोबार में भी प्रवेश कर चुकी है।

दूसरी तिमाही में मुनाफा 42.7 प्रतिशत बढ़ा
इस बीच, कंपनी ने वित्त वर्ष 2026-27 की दूसरी तिमाही में मजबूत वित्तीय प्रदर्शन दर्ज किया है। सितंबर 2026 को समाप्त तिमाही में कंपनी का शुद्ध मुनाफा पिछले वर्ष की समान अवधि के 15.15 करोड़ रुपये से बढ़कर 21.62 करोड़ रुपये हो गया। इसमें सालाना आधार पर 42.7 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई। कंपनी की कुल आय भी 33 प्रतिशत बढ़कर 195.42 करोड़ रुपये पहुंच गई, जबकि पिछले वित्त वर्ष की समान तिमाही में यह 146.96 करोड़ रुपये थी। कंपनी ने गुरुवार को अपने अनऑडिटेड वित्तीय परिणाम जारी किए।

पहली छमाही में आय 372 करोड़ रुपये के पार
वित्त वर्ष 2026-27 की पहली छमाही में कंपनी की कुल आय 23.8 प्रतिशत बढ़कर 372.10 करोड़ रुपये हो गई। पिछले वर्ष की समान अवधि में यह 300.50 करोड़ रुपये थी। EBITDA 23.7 प्रतिशत बढ़कर 93.10 करोड़ रुपये और शुद्ध मुनाफा 34.3 प्रतिशत की वृद्धि के साथ 40.74 करोड़ रुपये दर्ज किया गया। कंपनी की प्रति शेयर आय (EPS) भी 1.34 रुपये से बढ़कर 1.81 रुपये हो गई।
कंपनी के चेयरमैन राम गोपाल बंसल ने बेहतर वित्तीय प्रदर्शन का श्रेय कन्वर्जन सेगमेंट में स्वस्थ वृद्धि और विस्तार परियोजनाओं में हुई प्रगति को दिया। बोकारो परियोजना के माध्यम से कंपनी अपने उत्पादन और उत्पाद पोर्टफोलियो का विस्तार करने की दिशा में आगे बढ़ रही है।
