Bokaro: बोकारो जिले के नावाडीह थाना क्षेत्र में महज 50 रुपये नहीं देने पर एक युवक पर गोली चलाने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। शनिवार सुबह वासीबेड़ा टोला में हुई इस घटना में युवक की जान बाल-बाल बच गई। गोली उसकी गर्दन के पास से गुजर गई। घायल युवक की पहचान मंगल महतो के पुत्र कुलदीप कुमार उर्फ़ सवान (30) के रूप में हुई है।
नशीले पदार्थ के लिए मांगे थे 50 रुपये
जानकारी के अनुसार, सवान कुमार शनिवार सुबह गांव में घूम रहा था। इसी दौरान नावाडीह निवासी लालजी महतो के पुत्र कारू महतो ने उससे नशीले पदार्थ खरीदने के लिए 50 रुपये मांगे। सवान ने पैसे देने से इनकार कर दिया। आरोप है कि इससे नाराज होकर कारू महतो ने रिवॉल्वर निकालकर उस पर गोली चला दी। गोली गर्दन के पास से निकल गई, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।

प्राथमिक उपचार के बाद बोकारो सदर अस्पताल रेफर
घटना के बाद स्थानीय लोगों की मदद से घायल सवान को नावाडीह सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया। वहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार करने के बाद बेहतर इलाज के लिए उसे बोकारो सदर अस्पताल रेफर कर दिया।

सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस
गोलीबारी की सूचना मिलते ही नावाडीह थाना प्रभारी अनिल लिंडा और एएसआई सुबोध कुमार सिंह पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने मौके का निरीक्षण कर घटना की जानकारी जुटाई। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस छापेमारी और आगे की कानूनी कार्रवाई में जुटी है।
कई मामलों में जेल जा चुका है आरोपी
स्थानीय लोगों के अनुसार, आरोपी कारू महतो पूर्व में भी कई मामलों में जेल जा चुका है। बताया जाता है कि वह शुक्रवार को ही नावाडीह स्थित अपने घर लौटा था। गोलीबारी की घटना को अंजाम देने के बाद से वह फरार है। पुलिस उसकी तलाश कर रही है।
