Bokaro: बोकारो जिले के चंदनकियारी स्थित ESL स्टील लिमिटेड प्लांट में कथित गैस रिसाव से दो मजदूरों की मौत के मामले में नेशनल ग्रीन ट्रिब्यूनल (NGT) ने सख्त रुख अपनाया है। 12 अक्टूबर को हुई इस घटना का समाचार पत्रों में प्रकाशित खबरों के आधार पर NGT ने स्वतः संज्ञान लेते हुए मामले की सुनवाई शुरू की है। अब इस मामले में अगली सुनवाई 21 दिसंबर को कोलकाता स्थित NGT की ईस्टर्न जोनल बेंच में होगी।
कार्बन मोनोऑक्साइड गैस से मौत की आशंका
NGT के चेयरपर्सन न्यायमूर्ति प्रकाश श्रीवास्तव और विशेषज्ञ सदस्य डॉ. अफरोज अहमद की पीठ ने 4 नवंबर को मामले पर सुनवाई की। ट्रिब्यूनल की ओर से शुक्रवार को जारी बयान के अनुसार, प्रारंभिक तौर पर आशंका जताई गई है कि दोनों मजदूरों की मौत कार्बन मोनोऑक्साइड गैस की चपेट में आने से हुई हो सकती है। हालांकि, आदेश पारित किए जाने के समय पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा था।

पर्यावरण कानूनों के उल्लंघन का मामला
ट्रिब्यूनल ने इस घटना को गंभीर मानते हुए कहा कि इससे पर्यावरण संरक्षण अधिनियम, 1986 और वायु (प्रदूषण निवारण एवं नियंत्रण) अधिनियम, 1981 के संभावित उल्लंघन से जुड़े सवाल उठते हैं। पीठ ने माना कि यह मामला पर्यावरणीय मानकों के अनुपालन और वैधानिक प्रावधानों के प्रभावी क्रियान्वयन से जुड़ा है।

चार सरकारी संस्थाओं को बनाया पक्षकार
NGT ने मामले में झारखंड राज्य प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड, रांची, केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के कोलकाता क्षेत्रीय कार्यालय, पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्रालय के रांची क्षेत्रीय कार्यालय और बोकारो के जिला दंडाधिकारी को प्रतिवादी बनाया है। ट्रिब्यूनल ने सभी प्रतिवादियों को अगली सुनवाई से कम से कम एक सप्ताह पहले अपना पक्ष शपथपत्र के माध्यम से प्रस्तुत करने का निर्देश दिया है।
कोलकाता बेंच में होगी आगे की सुनवाई
मामले का क्षेत्राधिकार NGT की ईस्टर्न जोनल बेंच के अंतर्गत आने के कारण प्रधान पीठ ने मूल आवेदन और संबंधित दस्तावेज आगे की कार्रवाई के लिए कोलकाता बेंच को स्थानांतरित कर दिए हैं। अब 21 दिसंबर को होने वाली सुनवाई में संबंधित सरकारी एजेंसियों के जवाब और घटना से जुड़े पर्यावरणीय पहलुओं पर विचार किया जाएगा।
इस मामले में NGT की पहल से ESL स्टील प्लांट में मजदूरों की सुरक्षा, औद्योगिक गैस उत्सर्जन और पर्यावरणीय नियमों के अनुपालन को लेकर जवाबदेही का सवाल एक बार फिर चर्चा में आ गया है।
