बोकारो: झारखंड स्थापना दिवस पखवाड़ा के तहत बिजली उपभोक्ताओं की समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए बुधवार से विद्युत जन समस्या निवारण शिविर की शुरुआत की गई। विद्युत आपूर्ति प्रमंडल, चास की ओर से आयोजित ये शिविर 26 नवंबर 2026 तक चास शहरी, चास ग्रामीण और चंदनकियारी क्षेत्र के विभिन्न निर्धारित स्थलों पर लगाए जाएंगे।

जानिए किस दिन और कहां लगेगा शिविर
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, 19 नवंबर को चास, बारी और चंदनकियारी पावर सब स्टेशन में शिविर लगेगा। 20 नवंबर को बालीडीह, पिंड्राजोरा और लगला में तथा 21 नवंबर को चौर्रा, नवीन को-ऑपरेटिव (मैरिज हॉल के निकट) और बरमसिया में शिविर आयोजित होगा।

इसी तरह, 23 नवंबर को चास नगर निगम, मामरकुदर और चंदनकियारी पावर सब स्टेशन में शिविर लगेगा। 25 नवंबर को राधागांव पंचायत भवन, महुवार और मानपुर तथा 26 नवंबर को कुंदौरी, पुपुनकी और चंदनकियारी पावर सब स्टेशन में शिविर आयोजित किया जाएगा।

बिजली बिल और अन्य शिकायतों का होगा समाधान
शिविर में उपभोक्ता बिजली बिल, विद्युत आपूर्ति समेत अन्य बिजली संबंधी समस्याएं विभागीय अधिकारियों के समक्ष रख सकेंगे। संबंधित सहायक विद्युत अभियंताओं और कर्मियों को निर्धारित स्थलों पर उपस्थित रहकर शिकायतों का निष्पादन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया है।
उपभोक्ताओं से शिविर का लाभ उठाने की अपील
कार्यपालक अभियंता विद्युत एसबी तिवारी ने क्षेत्र के सभी उपभोक्ताओं से अपने नजदीकी शिविर में पहुंचकर बिजली संबंधी शिकायतों का समाधान कराने की अपील की है।
