Bokaro: रिश्तों को शर्मसार करने वाली एक तस्वीर माराफारी थाना क्षेत्र की गेमन कॉलोनी से सामने आई है। जिस उम्र में माता-पिता को अपने बच्चों के सहारे, प्यार और देखभाल की सबसे ज्यादा जरूरत होती है, उस उम्र में 75 वर्षीय भगवान सिंह और उनकी 68 वर्षीय पत्नी नीलू देवी एक जर्जर कमरे में बदहाली की जिंदगी जीने को मजबूर थे। चार बच्चे हैं, लेकिन कोई साथ नहीं रहता। बुजुर्ग दंपती की हालत ऐसी थी कि उन्हें भोजन तक नसीब नहीं हुआ था। ठंड से बचने के लिए शरीर पर चादर तक नहीं थी। दोनों एक जर्जर कमरे में एक ही खाट पर अपने ही मल-मूत्र के बीच बदहाल हालत में पड़े थे।न ठीक से उठ पाने की ताकत थी और न ही अपनी पीड़ा किसी को बता पाने की।

एक कमरे में सिमटी जिंदगी, दो दिनों से भूखे थे बुजुर्ग
भगवान सिंह कभी ट्रक चलाकर परिवार का भरण-पोषण करते थे। वक्त बदला, उम्र ढल गई और शरीर ने साथ छोड़ना शुरू कर दिया। लेकिन बुढ़ापे में जिस सहारे की उम्मीद थी, वह उन्हें नहीं मिल सका। जर्जर कमरे में दोनों किसी तरह जिंदगी के दिन काट रहे थे। स्थानीय लोगों के अनुसार, उनकी स्थिति लगातार खराब होती जा रही थी। आसपास के कुछ लोग अपनी क्षमता के अनुसार भोजन और दूसरी जरूरी चीजों से मदद करते थे, लेकिन यह मदद भी उनकी जरूरतों के मुकाबले नाकाफी थी।

चार बच्चे, फिर भी माता-पिता बेसहारा
दंपती की दो बेटियां और दो बेटे हैं। दोनों बेटियों की शादी हो चुकी है और वे अलग रहती हैं। एक बेटे की भी शादी हो चुकी है और वह पिछले करीब आठ वर्षों से माता-पिता से अलग रह रहा है। दूसरा बेटा उनके साथ रहता है, लेकिन स्थानीय लोगों के मुताबिक वह नशे का आदी है और बुजुर्ग माता-पिता की समुचित देखभाल नहीं करता। लोगों का कहना है कि जब भी कोई बुजुर्ग दंपती की मदद करने पहुंचता है, तो साथ रहने वाला बेटा नाराजगी जाहिर करता है। इसके बावजूद पड़ोसी इंसानियत के नाते उनकी मदद करने की कोशिश करते रहे।

पुलिस ने देखा तो दंग रह गए थाना प्रभारी
स्थानीय निवासी अनिल सिंह ने बुजुर्ग दंपती की बदहाली की जानकारी पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस सक्रिय हुई। माराफारी थाना प्रभारी संजय कुमार मौके पर पहुंचे। कमरे के भीतर का दृश्य देखकर वे भी स्तब्ध रह गए। उन्होंने तत्काल एंबुलेंस की व्यवस्था कराई और दोनों को सदर अस्पताल पहुंचाया।
थाना प्रभारी संजय कुमार ने बताया, “जब मैं कमरे में दाखिल हुआ तो दोनों बुजुर्गों को एक ही खाट पर पड़ा देखकर स्तब्ध रह गया। उनकी हालत इतनी खराब थी कि वे खुद से बैठ भी नहीं पा रहे थे। वे भूखे पड़े थे। बिस्तर पर ही मल-मूत्र त्याग कर रहे थे। इस ठंड में शरीर ढकने के लिए एक चादर तक नहीं थी। अगर एक दिन और देर हो जाती तो शायद हम उन्हें जीवित नहीं बचा पाते। सूचना मिलते ही हम पहुंचे और तत्काल अस्पताल पहुंचाने की व्यवस्था की। समय रहते दोनों को बचा लिया गया।”
अब इलाज के साथ सहारे की भी जरूरत
फिलहाल दोनों बुजुर्ग सदर अस्पताल में भर्ती हैं और उनका इलाज चल रहा है। लेकिन अस्पताल से छुट्टी मिलने के बाद उनकी जिंदगी कैसे गुजरेगी, यह सबसे बड़ा सवाल है। उन्हें नियमित भोजन, दवाइयों, देखभाल और सुरक्षित आश्रय की जरूरत है। प्रशासन से मांग है कि मामले का संज्ञान लेकर बुजुर्ग दंपती के पुनर्वास और सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाने की व्यवस्था करे।
जिस घर में कभी चार बच्चों की किलकारियां गूंजती थीं, उसी घर में आज दो बुजुर्ग जिंदगी की जंग अकेले लड़ने को मजबूर थे। वक्त रहते पुलिस और स्थानीय लोगों ने हाथ बढ़ाया, वरना शायद यह कहानी एक दर्दनाक हादसे में बदल जाती।
