Bokaro: बोकारो में जल जीवन मिशन और स्वच्छ भारत मिशन (ग्रामीण) के तहत संचालित योजनाओं की प्रगति को लेकर शनिवार को समीक्षा बैठक आयोजित की गई। उप विकास आयुक्त शताब्दी मजूमदार की अध्यक्षता में हुई बैठक में विभिन्न योजनाओं की अद्यतन स्थिति की समीक्षा करते हुए लंबित कार्यों को निर्धारित समय-सीमा में पूरा करने का निर्देश दिया गया।
मल्टी विलेज और सिंगल विलेज स्कीम की हुई समीक्षा
बैठक में जल जीवन मिशन के तहत संचालित मल्टी विलेज स्कीम (MVS) और सिंगल विलेज स्कीम (SVS) की प्रगति की समीक्षा की गई। डीडीसी ने संबंधित संवेदकों को निर्धारित लक्ष्य के अनुरूप कार्यों में तेजी लाने और लंबित कार्यों को प्राथमिकता से पूरा करने का निर्देश दिया।

संसाधन और मानवबल की उपलब्धता सुनिश्चित करें संवेदक
उप विकास आयुक्त ने कहा कि योजनाओं को समय पर पूरा करने के लिए कार्यस्थलों पर पर्याप्त संसाधन और मानवबल उपलब्ध रहना चाहिए। उन्होंने नियमित रूप से काम जारी रखने और कार्यों की गति बढ़ाने पर जोर दिया।
स्वच्छ भारत मिशन के प्रभावी क्रियान्वयन का निर्देश
स्वच्छ भारत मिशन (ग्रामीण) के तहत संचालित गतिविधियों की भी समीक्षा की गई। संबंधित अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करने को कहा गया।
20 दिसंबर को होगी अगली समीक्षा बैठक
डीडीसी ने बताया कि अगली समीक्षा बैठक 20 दिसंबर 2026 को होगी। इसमें सभी संबंधित संवेदकों की उपस्थिति अनिवार्य रहेगी। संवेदकों को अपनी योजनाओं का अद्यतन प्रगति प्रतिवेदन और निर्धारित लक्ष्य के विरुद्ध किए गए कार्यों का विवरण लेकर उपस्थित होने का निर्देश दिया गया।
बैठक में पीएचईडी चास-तेनुघाट के कार्यपालक अभियंता सहित अन्य अधिकारी मौजूद थे।
