Bokaro: झारखंड राज्य स्थापना दिवस पखवाड़ा के अंतिम दिन शनिवार को बोकारो में साइबर अपराध एवं महिला सुरक्षा को लेकर जागरूकता कार्यशाला आयोजित की गई। पुलिस अधीक्षक नाथू सिंह मीणा की अध्यक्षता में आयोजित इस कार्यक्रम में साइबर ठगी के बदलते तरीकों, डिजिटल अरेस्ट, ऑनलाइन गेमिंग और महिला सुरक्षा से जुड़े महत्वपूर्ण मुद्दों पर जानकारी दी गई। कार्यशाला में सहिया, नर्सिंग स्टाफ, सेविका-सहायिका और आंगनबाड़ी कर्मियों ने भाग लिया।
डिजिटल अरेस्ट के नाम पर डराने वालों से रहें सावधान : SP
एसपी नाथू सिंह मीणा ने कहा कि साइबर अपराधी पुलिस या जांच एजेंसी का अधिकारी बनकर डिजिटल अरेस्ट के नाम पर लोगों को डराते हैं और पैसों की मांग करते हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि डिजिटल अरेस्ट जैसी कोई कानूनी प्रक्रिया नहीं है। अनजान लोगों के साथ OTP और बैंक संबंधी गोपनीय जानकारी साझा नहीं करें तथा बिना सत्यापन किसी लिंक पर क्लिक करने से बचें।

साइबर ठगी होने पर 1930 पर करें शिकायत
एसपी ने साइबर अपराध की घटना होने पर तत्काल हेल्पलाइन नंबर 1930 पर संपर्क करने और नजदीकी थाना या साइबर थाना में शिकायत दर्ज कराने की अपील की। उन्होंने प्रत्येक व्यक्ति से अपने परिवार और समाज के कम से कम 10 अन्य लोगों को साइबर सुरक्षा के प्रति जागरूक करने को कहा।
फर्जी लिंक और APK फाइल से हो सकता है डेटा चोरी
मुख्यालय डीएसपी पवन कुमार ने ऑनलाइन गेमिंग, फर्जी ऑफर और अनजान APK फाइलों से होने वाले खतरों के प्रति आगाह किया। पुलिस निरीक्षक आजाद खान ने अनजान PDF, फाइल और लिंक डाउनलोड करने से बचने तथा किसी भी व्यक्ति की पहचान सत्यापित करने के बाद ही भरोसा करने की सलाह दी।
कार्यशाला में जिला समाज कल्याण पदाधिकारी डॉ. सुमन गुप्ता, पुलिस निरीक्षक संगीता कुमारी सहित अन्य अधिकारी मौजूद थे।
