Bokaro: बुधवार को भारतीय विमानपत्तन प्राधिकरण (एएआई) की टीम ने बोकारो एयरपोर्ट का विस्तृत निरीक्षण किया। इसके बाद समाहरणालय स्थित कार्यालय कक्ष में उपायुक्त अजय नाथ झा से मुलाकात कर निरीक्षण से जुड़ी अहम जानकारी साझा की।

निरीक्षण के दौरान टीम ने एयरपोर्ट की वर्तमान संचालन स्थिति, उपलब्ध आधारभूत संरचना, सुरक्षा व्यवस्था, आपातकालीन प्रावधान, संचार प्रणाली और आसपास के पर्यावरण का बारीकी से जायजा लिया। साथ ही उड़ान गतिविधियों, विशेषकर प्रशिक्षण उड़ानों और गैर-निर्धारित संचालन (एनएसओपी) से संबंधित पहलुओं का भी मूल्यांकन किया गया।
उपायुक्त ने टीम की रिपोर्ट पर गंभीरता से संज्ञान लेते हुए संबंधित अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ आगे की कार्रवाई तेज करने का निर्देश दिया। उन्होंने अपर समाहर्ता मो. मुमताज अंसारी को नोडल पदाधिकारी नियुक्त करते हुए सभी विभागों के बीच बेहतर तालमेल सुनिश्चित करने को कहा।

डीसी ने स्पष्ट किया कि एयरपोर्ट संचालन से जुड़ी सभी आवश्यक प्रक्रियाएं प्राथमिकता के आधार पर पूरी की जाएं। टीम का नेतृत्व एएआई के एजीएम (सीएनएस) दिलीप कुमार सिन्हा कर रहे थे।

