बोकारो: दीपावली और छठ पर्व को देखते हुए जिले में मिलावटी एवं खराब खाद्य पदार्थों की बिक्री पर रोक लगाने के लिए खाद्य सुरक्षा विभाग ने जांच अभियान तेज कर दिया है। शुक्रवार को विभागीय टीम ने फुसरो मुख्य बाजार, सेक्टर-4, नया मोड़ समेत विभिन्न इलाकों में करीब 17 खाद्य प्रतिष्ठानों का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान खाने योग्य नहीं पाए गए खाद्य पदार्थों को जब्त कर नष्ट कराया गया।
FSSAI लाइसेंस और साफ-सफाई की हुई जांच
उपायुक्त अजय नाथ झा एवं अभिहित अधिकारी-सह-अपर मुख्य चिकित्सा पदाधिकारी के निर्देश पर चलाए गए अभियान में खाद्य सुरक्षा पदाधिकारी एम.ए. आलम और गुलाब लकड़ा शामिल थे। टीम ने दुकानों में खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता, साफ-सफाई और FSSAI पंजीकरण एवं लाइसेंस की जांच की। आवश्यक दस्तावेज नहीं मिलने पर संबंधित दुकानदारों को नोटिस जारी किया गया।

छह पैकेट खराब केक और चार किलो खोआ नष्ट
निरीक्षण के दौरान छह पैकेट खराब केक, चार किलोग्राम अनुपयोगी खोआ, आठ लीटर खराब चटनी और एक्सपायरी हो चुके रेडीमेड रसगुल्ले के आठ पैकेट नष्ट कराए गए। वहीं, विभिन्न खाद्य पदार्थों के नमूने लेकर जांच के लिए राज्य खाद्य जांच प्रयोगशाला, रांची भेजे गए हैं।

सिंथेटिक पनीर और मिलावटी मिठाइयों पर नजर
खाद्य सुरक्षा विभाग ने कारोबारियों को स्वच्छता मानकों का पालन करने और मिठाइयों में अखाद्य रंगों का इस्तेमाल नहीं करने का निर्देश दिया है। बाहर से आने वाली सिंथेटिक मिठाई और नकली पनीर की खरीद-बिक्री पर भी विशेष सतर्कता बरतने को कहा गया है।
नियम तोड़ने पर होगी सख्त कार्रवाई
अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी। त्योहारों के दौरान सुरक्षित खाद्य सामग्री की उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए अभियान जारी रहेगा।
