Bokaro: जिले में स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता और अस्पतालों की व्यवस्था सुधारने के उद्देश्य से रविवार को उपायुक्त अजय नाथ झा के निर्देश पर प्रशिक्षु आईएएस अरविंद राधाकृष्णन ने सदर अस्पताल, बोकारो का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने मरीजों को मिल रही स्वास्थ्य सुविधाओं, उपचार व्यवस्था और साफ-सफाई का जायजा लिया।


इमरजेंसी में सुबह तक 23 मरीजों का हुआ इलाज
निरीक्षण के दौरान आपातकालीन कक्ष में चिकित्सक डॉ. रविंद्रनाथ उपस्थित मिले। मिली जानकारी के अनुसार, रविवार सुबह तक इमरजेंसी में कुल 23 मरीजों का उपचार किया जा चुका था। प्रशिक्षु आईएएस ने अस्पताल में आवश्यक दवाओं की उपलब्धता की भी जांच की। इस दौरान एंटी-रेबीज वैक्सीन उपलब्ध पाई गई।
वार्डों की साफ-सफाई और बेडशीट की जांच
अरविंद राधाकृष्णन ने अस्पताल के विभिन्न वार्डों, बेडशीट और साफ-सफाई की स्थिति का निरीक्षण किया। उन्होंने मरीजों को बेहतर और सुगम स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने पर जोर दिया, ताकि अस्पताल आने वाले लोगों को इलाज के दौरान किसी तरह की परेशानी न हो।

प्रिंटर की समस्या दूर करने का निर्देश
निरीक्षण के दौरान चिकित्सकों और नर्सों ने अस्पताल में प्रिंटर से संबंधित समस्या की जानकारी दी। इस पर प्रशिक्षु आईएएस ने समस्या का समाधान करने और आवश्यक सुधार सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
स्वास्थ्य सुविधाओं में सुधार पर प्रशासन का जोर
जिला प्रशासन की ओर से सरकारी स्वास्थ्य संस्थानों में उपलब्ध सुविधाओं को बेहतर बनाने और मरीजों को गुणवत्तापूर्ण चिकित्सा सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।
