Bokaro: ज़िले में 3 मई को आयोजित होने वाली नीट (यूजी) 2026 परीक्षा को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में है। गुरुवार को समाहरणालय सभागार में उपायुक्त अजय नाथ झा और पुलिस अधीक्षक नाथू सिंह मीना ने अधिकारियों, केंद्राधीक्षकों और दंडाधिकारियों के साथ बैठक कर तैयारियों की समीक्षा की।

कदाचारमुक्त परीक्षा पर प्रशासन का फोकस
उपायुक्त ने कहा कि परीक्षा का आयोजन शांतिपूर्ण और कदाचारमुक्त माहौल में कराना प्रशासन की प्राथमिकता है। सभी अधिकारियों को अपने दायित्वों का सही तरीके से निर्वहन करने और किसी भी प्रकार की लापरवाही से बचने का निर्देश दिया गया। एनटीए की गाइडलाइन का सख्ती से पालन सुनिश्चित करने को कहा गया।
सुरक्षा जांच होगी सख्त
जिले के सभी 8 परीक्षा केंद्रों पर पुरुष एवं महिला पुलिस बल, दंडाधिकारी और वरीय पदाधिकारी तैनात रहेंगे। हैंड हेल्ड मेटल डिटेक्टर से जांच की जाएगी और प्रश्नपत्र-ओएमआर की सुरक्षा पर विशेष निगरानी रखी जाएगी।

अभ्यर्थियों के लिए जरूरी निर्देश
प्रवेश सुबह 11 बजे से दोपहर 1:30 बजे तक ही मिलेगा। केवल एडमिट कार्ड, पासपोर्ट साइज फोटो और वैध पहचान पत्र लाना अनिवार्य होगा। मोबाइल, पेन, घड़ी, बैग और इलेक्ट्रॉनिक उपकरण पूरी तरह प्रतिबंधित रहेंगे।

