Hindi News

गहरे सुनसान कुएं में गिरने के बाद 8 घंटे तक तैरता रहा युवक, फिर ऐसे बची उसकी जान


Bokaro: गहरे कुएं में गिरने के बाद एक व्यक्ति आठ घंटे तक पानी में तैरता रहा। मौत उसे अपने आगोश में लेने के लिए बगल में खड़ी रही पर उसे ले न जा सकी। आखिरकार एक महिला ने उसकी आवाज सुनी और ग्रामीणों के मदद से उसे बाहर निकाला। यह घटना बोकारो के पेटरवार प्रखंड अंतर्गत सदमाकला पंचायत स्थित एक सुनसान कुएं में घटी।

उस युवक का नाम मिथुन बेदिया है जो बुंडू पंचायत के पुरनापानी का रहने वाला है। ग्रामीणों के अनुसार बेदिया किसी काम से बुढ़वाटॉड आया हुआ था और वापस शॉर्टकट के रास्ते अपने घर पुरानापानी जा रहा था। इसी दौरान उसका पैर फिसला और वह एक सुनसान कुएं में जा गिरा। उस वक़्त सुबह के लगभग 8 बज रहे थे। उसके बाद वह तैरता रहा और लगातार आवाज लगाता रहा लेकिन किसी ने उसकी आवाज नहीं सुनी।

7 घंटे बाद पास से गुजर रही एक महिला ने कुएं से उसकी आवाज़ सुनी। जब उसने कुएं के अंदर झाँका तो युवक उससे मदद की गुहार लगाने लगा। उसके बाद महिला ने स्थानीय लोगों को सूचना दी। जो तुरंत मौके पर पहुंचे। कुआं इतना गहरा था की उसे रस्सी के सहारे बाहर निकालने का प्रयास किया गया। पर कुछ दूर तक उठाये जाने के बाद वह फिर से कुएं में गिर गया। काफी मशक्कत के बाद उसे बाहर निकाला गया।

इसके बाद 108 एंबुलेंस बुलाकर उसे इलाज के लिए पेटरवार सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा गया। 8 घंटे तक पानी में जिंदगी और मौत से जूझने के बाद पीड़िता के हाथ-पैर सफेद हो गए। बेदिया ने कहा, कि वह यहां से गुजर रहा था। उसी दौरान उसका पैर फिसला और वह कुएं में गिर गया। अपनी जान बचाने के लिए वह कुएं में तैरता रहा और आवाज लगाता रहा। किस्मत से भगवान ने उसकी सुन ली और वह महिला फरिश्ता के रूप में उसकी सहायता के लिए पहुंच गई और उसकी जान बच गई।


Similar Posts

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!