Bokaro: शहर में मंगलवार को भारत रत्न डॉ. भीमराव अंबेडकर की जयंती पूरे जोश, सम्मान और जागरूकता के साथ मनाई गई। जिला प्रशासन से लेकर बीएसएल, सामाजिक संगठनों और राजनीतिक दलों तक, हर मंच पर बाबा साहेब के विचारों की गूंज सुनाई दी। See Video-

कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय में आयोजित कार्यक्रम में उपायुक्त अजय नाथ झा ने छात्राओं को झकझोरते हुए कहा कि वे सिर्फ घर-परिवार तक सीमित रहने के लिए नहीं, बल्कि देश का भविष्य गढ़ने के लिए जन्मी हैं। उन्होंने बाबा भीमराव अंबेडकर के संघर्ष और शिक्षा के महत्व को रेखांकित करते हुए सामाजिक कुरीतियों को खत्म करने का आह्वान किया, वहीं अधिवक्ता सहबाज अख्तर ने समानता और न्याय की लड़ाई को आगे बढ़ाने का संदेश दिया। कार्यक्रम में शपथ ग्रहण और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने माहौल को प्रेरणादायक बना दिया।
बीएसएल में सेक्टर-4डी स्थित प्रतिमा पर निदेशक प्रभारी प्रिय रंजन के नेतृत्व में अधिकारियों ने माल्यार्पण कर बाबा साहेब को श्रद्धांजलि दी और उनके आदर्शों को अपनाने का संकल्प लिया। शाम को बोकारो क्लब में “साउंड एंड लाइट शो” ने बाबा साहेब के संघर्ष को जीवंत कर दर्शकों को भावुक कर दिया।

वहीं, एससी/एसटी/ओबीसी कोऑर्डिनेशन काउंसिल के कार्यक्रम में मनोज पासवान ने संविधान की ताकत से बदली दलित समाज की तस्वीर को रेखांकित किया। सेक्टर-4 अंबेडकर चौक पर मंटू यादव ने माल्यार्पण कर ‘शिक्षित बनो, संगठित रहो, संघर्ष करो’ का नारा बुलंद किया। इधर, एससी-एसटी इम्प्लाईज फेडरेशन ने प्रभात फेरी निकालकर पूरे शहर में बाबा साहेब के विचारों की अलख जगाई।

