Bokaro: इलेक्ट्रोस्टील वेदांता में कार्यरत बुढ़ीबिनोर गांव निवासी बॉबी दियोल राय की इलाज के दौरान मौत के बाद मुआवजा और नियोजन की मांग को लेकर परिजनों व समर्थकों ने गुरुवार को इलेक्ट्रोस्टील वेदांता के फोरलेन मार्ग को जाम कर दिया। प्रदर्शनकारियों के सड़क पर उतरने से आवागमन पूरी तरह बाधित हो गया।

फोरलेन पर वाहनों की लंबी कतार
सड़क जाम के कारण फोरलेन के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई। इससे राहगीरों और वाहन चालकों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। जाम के कारण कंपनी की ट्रांसपोर्टिंग भी प्रभावित हुई। फिलहाल मृतक के परिजनों और कंपनी प्रबंधन के बीच मुआवजा व नियोजन को लेकर कोई वार्ता नहीं हुई है।
मौके पर पहुंचा पुलिस प्रशासन
जाम की सूचना मिलते ही पुलिस प्रशासन मौके पर पहुंचा और स्थिति को नियंत्रित करने में जुट गया। प्रशासन की ओर से प्रदर्शनकारियों से बातचीत कर मामले का समाधान निकालने और सड़क जाम हटाने का प्रयास किया जा रहा है।

सड़क हादसे में घायल हुए थे बॉबी दियोल राय
बताया गया कि 29 सितंबर को चास मुफस्सिल थाना क्षेत्र के चास-तलगड़िया मुख्य पथ पर उसरडीह के समीप दो बाइक की आमने-सामने टक्कर हो गई थी। हादसे में बुढ़ीबिनोर निवासी 26 वर्षीय बॉबी दियोल राय और बेलुट निवासी 19 वर्षीय रोहित माजी गंभीर रूप से घायल हुए थे।
इलाज के दौरान सात अक्टूबर को मौत
बॉबी दियोल राय बाइक संख्या JH-10-BW-8224 से घर लौट रहे थे, जबकि रोहित माजी बाइक संख्या JH-09-AW-6591 पर सवार थे। दुर्घटना के बाद दोनों को अलग-अलग अस्पतालों में भर्ती कराया गया था। गंभीर रूप से घायल बॉबी दियोल राय की सात अक्टूबर को इलाज के दौरान मौत हो गई।
