Bokaro: शहर के सेक्टर-12 थाना क्षेत्र में रविवार को जानलेवा हमले का मामला सामने आया है। इस संबंध में सेक्टर-12/ए निवासी इकबाल सिंह ने थाना में लिखित आवेदन देकर अज्ञात व्यक्ति पर मारपीट कर गंभीर रूप से घायल करने का आरोप लगाया। पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए प्राथमिकी दर्ज की।

बीच-बचाव में आई पत्नी पर भी हमला
पीड़ित इकबाल सिंह के अनुसार, वे अपने घर में भोजन कर रहे थे तभी बाहर तेज आवाज सुनाई दी। बाहर निकलने पर देखा कि एक चारपहिया वाहन दीवार से टकराकर फंसा हुआ है और उसका टायर पंचर था। उन्होंने चालक को एक्सलेटर न दबाने की सलाह दी, लेकिन तभी गाड़ी में सवार एक व्यक्ति बाहर निकलकर गाली-गलौज करने लगा। उसके साथ मौजूद दो अन्य लोगों ने मिलकर इकबाल सिंह पर हमला कर दिया। बीच-बचाव करने पहुंचीं उनकी पत्नी हरजिंदर कौर को भी आरोपियों ने बेरहमी से पीटा और उनके चेहरे पर ईंट से वार कर दिया। घटना के दौरान वहां लोगों की भीड़ जुट गई, लेकिन किसी ने हस्तक्षेप कर उन्हें बचाने की कोशिश नहीं की।
जांच में सामने आया आरोपी का नाम
घटना के बाद पुलिस ने आसपास के लोगों से पूछताछ की, जिसमें अमन यादव का नाम सामने आया। घायल की गंभीर स्थिति को देखते हुए पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी की गिरफ्तारी के लिए विशेष टीम का गठन किया।

छापेमारी कर आरोपी गिरफ्तार
थाना प्रभारी के नेतृत्व में गठित टीम ने छापेमारी कर 23 वर्षीय अमन यादव को सेक्टर-12 क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के दौरान आरोपी ने मारपीट की घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार कर ली है।
आपराधिक इतिहास रहा है लंबा
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी पहले भी कई मामलों में संलिप्त रहा है। उसके खिलाफ विभिन्न धाराओं में कई कांड दर्ज हैं, जिनमें मारपीट और आर्म्स एक्ट से जुड़े मामले शामिल हैं। आरोपी के खिलाफ निगरानी संचिका भी खोली गई है।
ऑपरेशन में शामिल रही पुलिस टीम
इस कार्रवाई में पु.अ.नि. सरजात खां, स.अ.नि. मिथलेश दुबे, देवेश शुक्ला, सत्येंद्र प्रसाद और चालक अजय कुमार यादव सहित पुलिस टीम के अन्य सदस्य शामिल रहे। पुलिस ने आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।

