Bokaro: पुलिस उपाधीक्षक, मुख्यालय की अध्यक्षता में बालीडीह थाना परिसर में बालीडीह, माराफारी, साइबर थाना एवं बालीडीह ओपी के थाना प्रभारियों और अनुसंधानकर्ताओं के साथ मासिक अपराध समीक्षा बैठक हुई।
60/90 दिनों में आरोप पत्र दाखिल करने का निर्देश
बैठक में लंबित कांडों में त्वरित अनुसंधान और गिरफ्तारी कर जल्द निष्पादन तथा निर्धारित 60/90 दिनों में आरोप पत्र समर्पित करने का निर्देश दिया गया। थाना पहुंचने वाले पीड़ितों और नागरिकों के साथ बेहतर व्यवहार करने पर भी जोर दिया गया।

अपराधियों और संदिग्ध गतिविधियों पर निगरानी
सभी पदाधिकारियों को अपने-अपने बीट क्षेत्र में जमानत पर बाहर आए अपराधियों की निगरानी, नियमित गश्ती और संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखने को कहा गया। QR कोड के जरिए गश्ती की पहुंच बढ़ाने तथा प्रत्येक सप्ताह जागरूकता अभियान चलाने का निर्देश दिया गया।

साइबर अपराध और तस्करी पर सख्ती
दुर्घटना मामलों में समय पर मुआवजा प्रस्ताव भेजने और न्यायालय के वारंट-नोटिस का ससमय तामिला कराने को कहा गया। दो लाख रुपये से कम के साइबर मामले संबंधित थाना और इससे अधिक राशि के मामले साइबर थाना में दर्ज करने का निर्देश दिया गया। गांजा, अफीम, शराब और पशु तस्करी पर पूर्ण रोक लगाने को भी कहा गया।
दो पुलिस पदाधिकारियों को मिलेगा पुरस्कार
समीक्षा में बालीडीह के पुलिस अवर निरीक्षक जितेंद्र कुमार यादव और माराफारी के पुलिस अवर निरीक्षक मुकेश कुमार द्वारा व्यक्तिगत रुचि लेकर छह-छह विशेष प्रतिवेदित कांडों का निष्पादन किए जाने पर उन्हें पुरस्कृत करने की अनुशंसा का निर्णय लिया गया। बीट पदाधिकारियों को बैंक पासबुक, एटीएम, क्रेडिट कार्ड, नेट बैंकिंग एक्सेस और OTP जैसी जानकारी साझा नहीं करने को लेकर इस सप्ताह जागरूकता अभियान चलाने का निर्देश दिया गया।
