Bokaro: सीधाबनी स्थित पेट्रोल पंप के पास तेज रफ्तार डस्टर कार की टक्कर से बाइक सवार पति-पत्नी गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद कार में सवार चालक समेत चार लोग मौके से फरार हो गए। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
गलत दिशा में आकर बाइक को मारी टक्कर
प्राप्त जानकारी के अनुसार, पश्चिम बंगाल के पुरुलिया जिले के हुड़ा निवासी 42 वर्षीय सुभाष महतो अपनी 38 वर्षीय पत्नी गीता देवी के साथ बुलेट मोटरसाइकिल (जेएच 09 एडी 8049) से अपने ससुराल चोटीटांड़ गांव से घर लौट रहे थे। इसी दौरान सीधाबनी पेट्रोल पंप के पास पुरुलिया की ओर से आ रही डस्टर कार (डब्ल्यूबी 02 एओ 2728) के चालक ने कथित तौर पर तेज गति और लापरवाही से वाहन चलाते हुए गलत दिशा में बाइक को जोरदार टक्कर मार दी।

पुलिस ने घायलों को अस्पताल पहुंचाया
टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक सवार पति-पत्नी गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद कार में सवार चालक समेत चार लोग मौके से फरार हो गए। सूचना मिलते ही पिंड्राजोरा थाना प्रभारी रवि कुमार पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और दोनों घायलों को तत्काल इलाज के लिए अस्पताल भिजवाया।

दोनों दुर्घटनाग्रस्त वाहन जब्त
पुलिस ने घटनास्थल से क्षतिग्रस्त बुलेट मोटरसाइकिल और डस्टर कार को जब्त कर थाना ले आई है। मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है।
