Bokaro: झारखंड राज्य स्थापना दिवस पखवाड़ा के समापन अवसर पर शनिवार को समाहरणालय सभागार में शिक्षा विभाग की ओर से मेधावी विद्यार्थी सम्मान समारोह एवं नियुक्ति पत्र वितरण कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान वर्ष 2026 की बोर्ड परीक्षाओं, राज्य स्तरीय आईसीटी चैंपियनशिप 2025 और झारखंड राज्य ओलंपियाड 2024 में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया। साथ ही जिले के 11 नवनियुक्त सहायक आचार्यों को नियुक्ति पत्र सौंपे गए।
शिक्षक बच्चों के व्यक्तित्व निर्माण को सर्वोच्च प्राथमिकता दें : DC
उपायुक्त अजय नाथ झा ने नवनियुक्त शिक्षकों को बधाई देते हुए कहा कि शिक्षक की भूमिका केवल पाठ्यक्रम पूरा करने तक सीमित नहीं है, बल्कि बच्चों का व्यक्तित्व निर्माण करना भी उनकी जिम्मेदारी है। उन्होंने शिक्षकों से हर परिस्थिति में समर्पण और प्रतिबद्धता के साथ कार्य करने की अपील की।

विद्यार्थी रुचि के अनुसार चुनें अपना करियर : DDC
उप विकास आयुक्त शताब्दी मजूमदार ने कहा कि परीक्षा में सफलता जीवन की मंजिल नहीं, बल्कि एक पड़ाव है। अभिभावकों को बच्चों की रुचि और क्षमता समझकर उन्हें अपनी पसंद का करियर चुनने की स्वतंत्रता देनी चाहिए।
बोर्ड परीक्षा के छह मेधावी विद्यार्थियों को सम्मान
समारोह में आईसीएसई, सीबीएसई सहित विभिन्न बोर्ड परीक्षाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छह विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया। इसके अलावा आईसीटी चैंपियनशिप के एक विजेता और झारखंड राज्य ओलंपियाड के पांच विद्यार्थियों को भी नकद पुरस्कार, लैपटॉप, मोबाइल, मेडल एवं प्रमाण पत्र देकर प्रोत्साहित किया गया।
11 सहायक आचार्यों को मिला नियुक्ति पत्र
नवनियुक्त 11 सहायक आचार्यों में कक्षा एक से पांच के लिए एक तथा कक्षा छह से आठ के लिए 10 शिक्षक शामिल हैं। इनमें गणित-विज्ञान के दो और भाषा विषय के आठ सहायक आचार्य हैं।
शिक्षा की गुणवत्ता पर दिया गया जोर
कार्यक्रम में जिला शिक्षा पदाधिकारी प्रवीण रंजन, जिला शिक्षा अधीक्षक अतुल कुमार चौबे सहित शिक्षा विभाग के अधिकारी, शिक्षक, विद्यार्थी और अभिभावक उपस्थित थे। अधिकारियों ने शिक्षा की गुणवत्ता और विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास में शिक्षकों की भूमिका को महत्वपूर्ण बताया।
