बिल सुधार से लेकर मोबाइल नंबर अपडेट तक, एक ही जगह होंगे कई जरूरी काम
Bokaro: चास और तेनुघाट क्षेत्र के बिजली उपभोक्ताओं के लिए राहत भरी खबर है। विद्युत आपूर्ति प्रमंडल, चास की ओर से 4 मई 2026 को विशेष शिकायत निवारण कैंप आयोजित किया जाएगा। यह कैंप सुबह 11 बजे से दोपहर 3 बजे तक चलेगा। इसका उद्देश्य उपभोक्ताओं की लंबित शिकायतों का त्वरित समाधान करना है।

अधिकारियों ने बताया कि विद्युत आपूर्ति प्रमंडल, चास अंतर्गत सभी उपभोक्ताओं के लिए यह कैंप विद्युत आपूर्ति अंचल, चास कार्यालय में आयोजित होगा। वहीं विद्युत आपूर्ति प्रमंडल, तेनुघाट के उपभोक्ताओं के लिए तेनुघाट प्रमंडलीय कार्यालय में कैंप लगाया जाएगा।
इन समस्याओं का होगा तुरंत समाधान
कैंप में बिजली बिल सुधार, मोबाइल नंबर दर्ज कराने, पुराने नंबर बदलने और अन्य उपभोक्ता संबंधी शिकायतों का निपटारा किया जाएगा। विभाग ने सभी उपभोक्ताओं से अपील की है कि वे अपनी समस्याओं के समाधान के लिए संबंधित कैंप में पहुंचें। अधिकारियों के अनुसार, इस पहल का उद्देश्य उपभोक्ताओं को कार्यालयों के चक्कर से बचाना और एक ही स्थान पर सुविधाजनक सेवा देना है।

कई उपकेंद्रों के उपभोक्ता होंगे शामिल
इस कैंप में 33/11 केवी विद्युत शक्ति उपकेंद्र चास, बालीडीह, मामरकुदर, फुदनीडीह, बारी को-ऑपरेटिव, चंदनकियारी और लाघला क्षेत्र के उपभोक्ताओं को लाभ मिलेगा। इन क्षेत्रों के सहायक एवं कनीय विद्युत अभियंताओं की निगरानी में शिकायतों का निष्पादन किया जाएगा।
व्हाट्सएप पर भी दे सकते हैं सूचना
विभाग ने कहा है कि किसी भी अतिरिक्त सूचना या समस्या के लिए उपभोक्ता व्हाट्सएप नंबर 9431135828 पर संपर्क कर सकते हैं। विभाग ने संदेश दिया है कि ऊर्जा की बचत करें और स्वहित, जनहित एवं राष्ट्रहित में सहयोग दें।

