( Located in Sector 3 of Bokaro Steel Township, a new “Steel Club” is set to boost welfare and engagement among non-executive employees. Interested staff must apply online by May 15, with the membership fee and selection process already outlined.)
Bokaro: Steel Authority of India Limited के Bokaro Steel Plant (BSL) में कर्मचारियों के कल्याण को ध्यान में रखते हुए एक नई पहल शुरू की गई है। सेक्टर-3, बोकारो स्टील सिटी में अनाधिशासी कर्मचारियों के लिए ‘स्टील क्लब एवं रिक्रियेशन सेंटर’ खोले जाने का निर्णय लिया गया है।

एक साल के लिए बनेगी तदर्थ समिति
क्लब के संचालन के लिए प्रारंभिक तौर पर एक वर्ष के लिए 8 सदस्यीय तदर्थ (Ad-Hoc) समिति गठित की जाएगी। इस समिति के सदस्य उन कर्मचारियों में से चुने जाएंगे, जो क्लब की सदस्यता में रुचि दिखाएंगे। चयन प्रक्रिया आयु के आधार पर होगी, जिसमें 4 सबसे वरिष्ठ और 4 सबसे कनिष्ठ कर्मचारियों को शामिल किया जाएगा।
क्लब संचालन की जिम्मेदारी समिति पर
यह तदर्थ समिति क्लब के संचालन से जुड़ी सभी अहम जिम्मेदारियां निभाएगी। इसमें उपनियम तैयार करना, ट्रस्ट के रूप में पंजीकरण, GST और PAN रजिस्ट्रेशन, अलग बैंक खाता खोलना और आगे चलकर नियमित समिति के चुनाव कराना शामिल है।

ऑनलाइन ऐसे जताएं सदस्यता में रुचि
इच्छुक कर्मचारी bokarosteel.com के इंट्रानेट पोर्टल के जरिए अपनी रुचि दर्ज कर सकते हैं। इसके लिए “Steel Club for Non-Executives” लिंक पर जाकर “Express your Interest” विकल्प चुनना होगा। स्टाफ नंबर और जन्मतिथि दर्ज करने के बाद चेक बॉक्स टिक कर सबमिट करना होगा।
सदस्यता शुल्क और अंतिम तिथि
क्लब की सदस्यता लेने के इच्छुक कर्मचारियों को Rs 500 एकमुश्त और Rs 200 मासिक शुल्क देना होगा। हालांकि, यह प्रक्रिया फिलहाल केवल रुचि जानने के लिए है, वास्तविक सदस्यता के लिए अलग से सूचना जारी की जाएगी।
15 मई तक सक्रिय रहेगा लिंक
प्रबंधन की ओर से जारी सूचना के अनुसार, ऑनलाइन लिंक 15 मई 2026 तक ही सक्रिय रहेगा। सभी अनाधिशासी कर्मचारियों से तय समय सीमा के भीतर अपनी सहमति दर्ज करने की अपील की गई है। यह आदेश सक्षम प्राधिकारी की स्वीकृति से जारी किया गया है।

