Bokaro: चंद्रपुरा थाना क्षेत्र की डीवीसी पश्चिमपल्ली आवासीय कॉलोनी में गुरुवार रात अपराधियों ने एक क्वार्टर में घुसकर पति-पत्नी की गोली मारकर हत्या कर दी। हमले में उनका पुत्र भी गंभीर रूप से घायल हो गया। वारदात के बाद इलाके में सनसनी फैल गई।

मृतकों की पहचान 65 वर्षीय नरेश सिंहा और उनकी पत्नी के रूप में हुई है। नरेश सिंहा डीवीसी के सेवानिवृत्त कर्मचारी थे। घटना में उनके पुत्र रोहित सिंहा को भी गोली लगी है। रोहित के सिर में गोली लगने की बात सामने आई है।
गंभीर हालत में बोकारो रेफर
घटना की सूचना मिलने के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने घायल रोहित सिंहा को इलाज के लिए चंद्रपुरा अस्पताल पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए डॉक्टरों ने उन्हें बोकारो जनरल अस्पताल (BGH) रेफर कर दिया।

FSL टीम ने शुरू की जांच
बोकारो एसपी नाथू सिंह मीणा ने बताया कि FSL की टीम घटनास्थल की जांच कर रही है। पुलिस घटना के पीछे के कारणों और आरोपियों की पहचान करने में जुटी है। उन्होंने बताया कि मृतक डीवीसी के सेवानिवृत्त कर्मचारी थे।
बारिश और गर्जन के बीच वारदात
बताया जा रहा है कि घटना के समय चंद्रपुरा क्षेत्र में तेज बारिश हो रही थी और लगातार गर्जन की आवाज आ रही थी। इसी दौरान अपराधियों ने क्वार्टर में घुसकर परिवार के तीन सदस्यों पर गोली चला दी। गोलीबारी की आवाज और अचानक हुई वारदात से आसपास के लोगों में दहशत फैल गई।
हत्या के कारणों का पता नहीं
फिलहाल पति-पत्नी की हत्या के पीछे की वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है। पुलिस घटनास्थल से साक्ष्य जुटाने के साथ ही आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है। पुलिस आरोपियों की पहचान और घटना के कारणों का पता लगाने में जुटी है। अधिकारियों ने जल्द मामले का खुलासा करने का आश्वासन दिया है।
