बोकारो। बाल दिवस के अवसर पर शनिवार को बोकारो के पत्थरकटा चौक स्थित देश के प्रथम प्रधानमंत्री पंडित जवाहरलाल नेहरू की प्रतिमा पर उपायुक्त अजय नाथ झा और पुलिस अधीक्षक नाथू सिंह मीणा ने पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी। इस दौरान जिला प्रशासन के वरीय पदाधिकारियों ने भी नेहरू जी को नमन करते हुए उनके योगदान को याद किया।

युवा पीढ़ी तक पहुंचाएं नेहरू जी के आदर्श : उपायुक्त
उपायुक्त अजय नाथ झा ने कहा कि पंडित जवाहरलाल नेहरू की जयंती को पूरे देश में बाल दिवस के रूप में मनाया जाता है। बच्चों के प्रति उनका विशेष स्नेह इस दिवस की मूल भावना है। बाल दिवस के कार्यक्रमों का उद्देश्य बच्चों में देशप्रेम, स्वतंत्रता संग्राम के इतिहास और आधुनिक भारत के निर्माण के प्रति जागरूकता बढ़ाना है। उन्होंने कहा कि नेहरू जी के आदर्शों और मूल्यों को सकारात्मक रूप से अगली युवा पीढ़ी तक पहुंचाना हम सभी की जिम्मेदारी है।

आधुनिक भारत के निर्माण में नेहरू का योगदान प्रेरणादायक : एसपी
पुलिस अधीक्षक नाथू सिंह मीणा ने कहा कि आधुनिक भारत के निर्माण में पंडित नेहरू का योगदान सदैव प्रेरणास्रोत रहेगा। बच्चों को उनके विचारों और आदर्शों से प्रेरणा लेकर भविष्य में राष्ट्र निर्माण में अपनी भूमिका निभानी चाहिए। इसी उद्देश्य से बाल दिवस पर विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।

कई वरीय अधिकारी रहे मौजूद
कार्यक्रम में प्रशिक्षु आईएएस अरविंद राधाकृष्णन, अपर समाहर्ता सुनील चन्द्र, उप निदेशक पीआरडी रवि कुमार, जिला शिक्षा पदाधिकारी प्रवीण रंजन, जिला शिक्षा अधीक्षक अतुल कुमार चौबे, मुख्यालय डीएसपी पवन कुमार, डॉ. सुमन गुप्ता, चास बीडीओ प्रदीप कुमार समेत अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
