Bokaro: तेनुघाट बांध प्रमंडल ने मंगलवार को जलाशय की ताजा स्थिति संबंधी प्रतिवेदन जारी किया है। प्रतिवेदन के अनुसार 28 जुलाई 2026 को सुबह 6:00 बजे तेनुघाट जलाशय का जलस्तर 846.45 फीट (258.00 मीटर) दर्ज किया गया, जो फिलहाल घटने की प्रवृत्ति में है।

3,200 क्यूसेक पानी की निकासी जारी
बांध से वर्तमान में 3,200 क्यूसेक (90.62 घन मीटर प्रति सेकंड) पानी छोड़ा जा रहा है। इसके लिए तीन रेडियल गेट और एक अंडर स्लूस गेट खुले रखे गए हैं। जल संसाधन विभाग ने संबंधित प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारियों को इसकी सूचना भेजते हुए आवश्यक सतर्कता बरतने का निर्देश दिया है।
24 घंटे में 15.6 मिमी बारिश
प्रतिवेदन के अनुसार पिछले 24 घंटे में तेनुघाट क्षेत्र में 15.6 मिमी वर्षा रिकॉर्ड की गई। जलाशय में वर्तमान कुल जल संचयन (ग्रॉस स्टोरेज) 38,104 हेक्टेयर-मीटर तथा जीवित जल संचयन (लाइव स्टोरेज) 21,899 हेक्टेयर-मीटर दर्ज किया गया है। जबकि तेनुघाट जलाशय का अधिकतम संरक्षण स्तर 852 फीट निर्धारित है।

प्रशासन को अलर्ट
तेनुघाट बांध प्रमंडल की बाढ़ नियंत्रण कोषांग ने बोकारो और धनबाद जिला प्रशासन, पुलिस, आपदा प्रबंधन प्राधिकरण, डीवीसी तथा पश्चिम बंगाल सिंचाई विभाग सहित संबंधित सभी विभागों को सूचना भेज दी है। निचले इलाकों में रहने वाले लोगों से नदी के किनारे अनावश्यक आवाजाही से बचने और प्रशासन द्वारा जारी निर्देशों का पालन करने की अपील की गई है।
