Bokaro: 80वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर जिले के सभी सरकारी कार्यालयों एवं परिसरों में राष्ट्रीय ध्वज फहराया गया। अधिकारियों और कर्मियों ने तिरंगे को सलामी देते हुए देश की एकता, अखंडता और संप्रभुता की रक्षा का संकल्प लिया।

उपायुक्त ने कई परिसरों में किया ध्वजारोहण
उपायुक्त अजय नाथ झा ने गोपनीय शाखा स्थित कार्यालय परिसर, समाहरणालय परिसर, रेडक्रॉस भवन परिसर और जियाडा परिसर में तिरंगा फहराया। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों एवं कर्मियों को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दीं और राष्ट्र निर्माण में सक्रिय योगदान देने का आह्वान किया।
एसपी ने दोहराई सुरक्षा के प्रति प्रतिबद्धता
पुलिस अधीक्षक नाथू सिंह मीणा ने एसपी कार्यालय परिसर में राष्ट्रीय ध्वज फहराया। उन्होंने देश की एकता, अखंडता और सुरक्षा के प्रति पुलिस की प्रतिबद्धता को दोहराया।

उप विकास आयुक्त शताब्दी मजूमदार ने अपने आवासीय परिसर में ध्वजारोहण किया। वहीं, चास की अनुमंडल पदाधिकारी प्रांजल ढांडा ने गोपनीय शाखा कार्यालय परिसर और अनुमंडल कार्यालय परिसर में तिरंगा फहराया।
सूचना भवन में भी हुआ ध्वजारोहण
उप निदेशक जनसंपर्क सह जिला जनसंपर्क पदाधिकारी रवि कुमार ने सूचना भवन परिसर में राष्ट्रीय ध्वज फहराया। उन्होंने स्वतंत्रता सेनानियों के त्याग और बलिदान को याद करते हुए सभी को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दीं।
ध्वजारोहण कार्यक्रमों के दौरान अधिकारियों एवं कर्मियों ने राष्ट्रगीत और राष्ट्रगान का सामूहिक गायन किया। साथ ही देश की आजादी के लिए अपने प्राणों का बलिदान देने वाले वीर शहीदों और स्वतंत्रता सेनानियों को श्रद्धापूर्वक नमन किया गया।


