Bokaro: झारखंड पुलिस के निर्देश पर बोकारो जिले में अपराध नियंत्रण और लंबित मामलों के निष्पादन को लेकर बड़ा अभियान चलाया गया। पुलिस अधीक्षक बोकारो के निर्देशानुसार रविवार-सोमवार की रात्रि में जिलेभर में समकालीन अभियान चलाकर फरार वारंटियों की गिरफ्तारी की गई।

अभियान के तहत पुलिस टीमों का गठन कर 8 अलग-अलग थानों से कुल 9 वारंटियों को गिरफ्तार किया गया, जो पिछले 5 से 7 वर्षों से फरार चल रहे थे। सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।

पुलिस कार्रवाई में चतरोचट्टी, पेटरवार, ललपनिया, कसमार, जरीडीह, पेंक-नारायणपुर, चंद्रपुरा और चास (मु०) थाना क्षेत्रों से वारंटियों की गिरफ्तारी की गई। इस कार्रवाई ने लंबे समय से फरार चल रहे अपराधियों पर पुलिस की सख्त पकड़ को दर्शाया है।
इसके अलावा जिले के विभिन्न थानों में लंबित 100 गैर-जमानती वारंट (NBW) का भी सफल निष्पादन किया गया। साथ ही एक कुर्की की कार्रवाई भी पूरी की गई, जिससे अपराधियों पर कानूनी शिकंजा और कड़ा हो गया है।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार इस तरह के अभियान आगे भी लगातार जारी रहेंगे, ताकि जिले में अपराधियों के बीच कानून का भय बना रहे और लंबित मामलों का तेजी से निष्पादन हो सके।

