Bokaro: कोयला चोरी और अवैध कारोबार पर लगाम लगाने के लिए CISF ने सख्ती बढ़ा दी है। CISF यूनिट CCL करगली और पेटरवार पुलिस की संयुक्त टीम ने खेतको सहित आसपास के संवेदनशील इलाकों में देर रात तक सघन एरिया डोमिनेशन अभियान चलाया। इस कार्रवाई का उद्देश्य अवैध कोयले की आवाजाही, चोरी और भंडारण पर रोक लगाना है।
डॉग स्क्वॉड के साथ संवेदनशील ठिकानों पर निगरानी
कमांडेंट के निर्देश पर चलाए गए अभियान के दौरान दिनदयाल चौक, हिन्दुस्तान पुल, चलकरी पुल और बेरमो पुल सहित कई संवेदनशील स्थानों पर जांच और गश्ती की गई। अभियान में CISF का डॉग स्क्वॉड भी शामिल रहा। खोजी कुत्तों की मदद से संभावित रास्तों और संदिग्ध ठिकानों की जांच की गई।

अवैध कोयला कारोबारियों पर बढ़ा दबाव
CISF और पुलिस के जवानों ने समन्वित तरीके से इलाके में निगरानी की। लगातार औचक जांच, रात्रि गश्ती और MMDR अधिनियम के तहत हो रही कार्रवाई से अवैध कोयला कारोबार से जुड़े तत्वों पर दबाव बढ़ने की बात कही जा रही है।

कोयला चोरी के खिलाफ अभियान जारी रहेगा
CCL प्रबंधन ने कोयला चोरी रोकने के लिए CISF के प्रयासों की सराहना की है। CISF ने स्पष्ट किया है कि अवैध कोयला कारोबार, भंडारण और अन्य गैरकानूनी गतिविधियों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा। जरूरत पड़ने पर संयुक्त छापेमारी और संवेदनशील इलाकों में विशेष निगरानी की जाएगी।
