4.710 टन अवैध कोयला किया गया जब्त
Bokaro: केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (CISF) इकाई, सीसीएल करगली की टीम ने अवैध कोयला परिवहन के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 4.710 टन अवैध कोयला जब्त किया है। कार्रवाई के दौरान टीम ने कोयला लदे एक ऑटो के साथ पांच बाइक और तीन स्कूटर भी जब्त किए हैं।

कमांडेंट के निर्देश पर चल रहा विशेष अभियान
सीसीएल करगली के कमांडेंट राज प्रताप सिंह के निर्देश पर क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने और अवैध कोयला परिवहन पर प्रभावी रोक लगाने के उद्देश्य से लगातार एरिया डोमिनेशन गश्ती एवं छापामारी अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत सीसीएल के ढोरी एरिया से मिली खुफिया सूचना के आधार पर यह कार्रवाई की गई।
दीनदयाल चौक के पास लगाया गया नाका
खुफिया सूचना के आधार पर सीआईएसएफ की टीम ने दीनदयाल चौक के समीप नाका लगाकर वाहनों की जांच शुरू की। इसी दौरान एक संदिग्ध ऑटो को रोका गया, जिस पर कोयला लदा हुआ था। ऑटो पर कोई पंजीयन संख्या अंकित नहीं थी। जांच के दौरान पांच बाइक और तीन स्कूटर भी संदिग्ध अवस्था में पाए गए।

एक बाइक समेत कई वाहन बिना पंजीयन संख्या के
जब्त किए गए पांच मोटरसाइकिलों में एक बाइक का पंजीयन नंबर जेएच 10 के 7154 बताया गया है, जबकि शेष बाइक बिना पंजीयन संख्या के थीं। तीनों स्कूटरों पर भी पंजीयन संख्या अंकित नहीं थी। सभी वाहनों को सीआईएसएफ टीम ने अपने कब्जे में ले लिया।
तौल में 4.710 टन निकला जब्त कोयला
सीआईएसएफ द्वारा जब्त किए गए कोयले का वजन कराया गया, जिसमें कुल 4.710 टन कोयला पाया गया। जब्त कोयला और वाहनों को आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए बेरमो थाना को सुपुर्द कर दिया गया है।
एमएमडीआर एक्ट के तहत प्राथमिकी की प्रक्रिया
सीआईएसएफ की ओर से खान एवं खनिज (विकास एवं विनियमन) अधिनियम, 1957 यानी एमएमडीआर एक्ट के तहत प्राथमिकी दर्ज कराने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। अधिकारियों के अनुसार, जब्त सामग्री के संबंध में आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
करगली क्षेत्र में एमएमडीआर एक्ट के तहत 11वीं बड़ी कार्रवाई
बताया गया कि भारत सरकार द्वारा सीआईएसएफ को एमएमडीआर एक्ट के तहत प्रदान किए गए नए अधिकारों के अंतर्गत करगली क्षेत्र में यह 11वीं बड़ी कार्रवाई है। इन अधिकारों के लागू होने के बाद सीआईएसएफ अवैध रूप से परिवहन किए जा रहे कोयले को सीधे जब्त कर स्वतंत्र रूप से कानूनी कार्रवाई शुरू करने के लिए अधिकृत है।
अवैध कोयला तस्करी पर लगेगी प्रभावी रोक
सीआईएसएफ अधिकारियों का कहना है कि एमएमडीआर एक्ट के तहत मिले अधिकारों से अवैध खनन और कोयला तस्करी के खिलाफ कार्रवाई को और प्रभावी बनाने में मदद मिलेगी। क्षेत्र में अवैध कोयला परिवहन पर रोक लगाने के लिए विशेष अभियान आगे भी जारी रहने की बात कही गई है।
सहायक कमांडेंट के नेतृत्व में चला अभियान
पूरे छापामारी अभियान का नेतृत्व सहायक कमांडेंट वर्पे सार्थक बाबाजी ने किया। अभियान में निरीक्षक एसआर नायक, उप निरीक्षक अमित कुमार, धमेन्द्र कुमार, प्रधान आरक्षक अरविंदम टी, पीके सिंह, आरक्षक प्रभाकर कुमार सहित अन्य सीआईएसएफ जवानों एवं आसूचना कर्मियों ने सक्रिय भूमिका निभाई।
